Home / राज्‍य / धनतेरस का त्यौहार, लाया खुशियां अपरंपार: मेला लगा रहा ताज प्रेस क्लब परिसर के बाहर

धनतेरस का त्यौहार, लाया खुशियां अपरंपार: मेला लगा रहा ताज प्रेस क्लब परिसर के बाहर

आगरा: रविवार 19 अक्टूबर 2025

इस बार की दीपावली कुछ पत्रकारों के लिए बड़ी शुभ रही। कल धनतेरस के दिन प्रशासन द्वारा निर्धारित ताज प्रेस क्लब के चुनाव की प्रक्रिया बड़े हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुई, जब अप्रत्याशित परिणामों के साथ प्रेस क्लब के 20 पत्रकारों को संचालन की बागडोर थमा दी गई।

ताज प्रेस क्लब के बहुप्रतीक्षित चुनाव का संचालन जिलाधिकारी के निर्देश पर चुनाव सम्पन्न कराने के लिए एडीएम सिटी यमुनाधर चौहान के नेतृत्व में डिप्टी रजिस्ट्रार सोसाइटी विपुल कुमार सिंह, एसीएम द्वितीय विनोद कुमार, तथा सूचना अधिकारी शैलेन्द्र शर्मा अपने अधीनस्थों की टीम के साथ प्रात: 8 बजे प्रेस क्लब सभागार पहुंच गए। शांतिपूर्ण मतदान के लिए योजनाबद्ध तरीके से व्यवस्थित चुनाव प्रक्रिया की सभी ने प्रशंसा की।

विजय बघेल, निवर्तमान अध्यक्ष सुनयन शर्मा, मनीष जैन परिणाम की प्रतीक्षा में

सायं 5 बजे तक मतदाताओं का आवागमन लगा रहा। प्रेस क्लब के बाहर बड़ी संख्या में पत्रकारों की भीड़ जमा थी। मतदान में सभी पत्रकारों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। मतदान समाप्ति तक कुल 328 पंजीकृत मतदाताओं में से 273 पत्रकारों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो क्लब के चुनावी इतिहास में पहली बार इतनी संख्या में मतदान हुआ। ताज़ प्रेस क्लब के चुनाव में 327 सदस्यों की कुल संख्या में से 273 मत पड़े, जिसके अनुसार 83.48% मतदान हुआ जो ऐतिहासिक है।

विजय बघेल, निवर्तमान अध्यक्ष सुनयन शर्मा, मनीष जैन परिणाम की प्रतीक्षा में

मतदान के तुरन्त बाद मतगणना प्रारंभ हुई। कार्यकारिणी के 20 पदों के लिए सभी 41 प्रत्याशियों को मतगणना के परिणामों की निष्पक्षता के लिए सभागार में बुला लिया गया।

सर्वप्रथम कार्यकारिणी सदस्यों के मतों की गिनती शुरू की गई। 17 प्रत्याशियों में से 11 को चुना जाना था। मतगणना तीन चरणों में पूरी हुई जिसके बाद परिणाम घोषित किया गया। विजयी प्रत्याशियों में शरद शर्मा, राजेश दूबे, राजेश शर्मा, मनीष जैन, वीरेंद्र इमल, एसपी सिंह, जगत नारायण शर्मा, जय सिंह वर्मा, अरुण रावत, फरहान खान, शीतल सिंह निर्वाचित हुए।

परिणाम की प्रतीक्षा करते प्रत्याशीगण

इसके बाद महासचिव पद के मतों की गणना शुरू हुई। इस पद के लिए दो प्रत्याशी मैदान में थे, जिसमें बंपर जीत के साथ विवेक जैन ने (138) मतों के साथ अपने प्रतिद्वंदी महेश धाकड़ (103) को 35 मतों से पराजित किया। विवेक जैन की बंपर जीत अपेक्षाकृत एकतरफा रही, यह बड़ी जीत उनकी लोकप्रियता और सफल रणनीति का परिचायक मानी जा रही है।

विजयी प्रत्याशी अध्यक्ष मनोज मिश्रा तथा महासचिव विवेक जैन

सबसे प्रतिष्ठित अध्यक्ष पद के सशक्त दावेदार मनोज मिश्रा और देश दीपक तिवारी के बीच कांटे की टक्कर थी। मतगणना के बाद मनोज मिश्रा को 142 वोट और देश दीपक तिवारी को 128 मत प्राप्त हुए। देश दीपक तिवारी द्वारा संतुष्टि के लिए पुन: मतगणना करने के आग्रह पर दोनों प्रत्याशियों के सामने दोबारा मतगणना कराई गई जिसमें 14 मतों से देश दीपक को पुन: पराजय का सामना करना पड़ा।

ब्लैक इंक के ब्रजेश शर्मा, दैनिक जागरण ग्वालियर के प्रभारी आशीष भटनागर, इनक्रेडिबल इंडिया के अजय शर्मा तथा फिल्म कलाकार सत्यव्रत मुद्गल के साथ जगत नारायण शर्मा

कोषाध्यक्ष पद पर अप्रत्याशित परिणाम के साथ धीरज शर्मा ने (103) ने संजय सिंह (87) को 16 मतों से हराकर जीत दर्ज की।

उपाध्यक्ष पद पर हुए चुनाव में आदर्श नंदन गुप्त, अजेंद्र सिंह अज्जू और सज्जन सागर को विजयी घोषित किया गया।

सचिव पद पर आलोक द्विवेदी, पीयूष शर्मा और अनिल राणा ने सफलता प्राप्त की।

विजयी प्रत्याशियों की घोषणा के बाद क्लब परिसर में उत्साह का वातावरण बना रहा। जोश से भरे समर्थक बार बार नारे लगाते रहे। समर्थकों ने फूल मालाओं से जीतने वाले प्रत्याशियों का स्वागत किया।

पुलिस सुरक्षा में अध्यक्ष मनोज मिश्रा

मतगणना समाप्त होने पर किसी पत्रकार ने अध्यक्ष मनोज मिश्रा की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस कमिश्नर को फोन कर दिया, आनन फानन में पुलिस ने अध्यक्ष को अपनी सुरक्षा में लेकर एस्कॉर्ट के साथ घर तक पहुंचाया।

निर्वाचन अधिकारियों की सूझबूझ से निष्पक्ष मतदान व मतगणना प्रक्रिया, निर्विवाद संपन्न हुई। ताज प्रेस क्लब चुनाव की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रही। ताज प्रेस क्लब में लोकतंत्र, आपसी प्रेम और सौहार्द ने भविष्य की स्थिति को दर्शा दिया है।

विशेष संवाददाता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *