Home / शिक्षा / आगरा साइंस पार्क प्रदेश का तीसरा आधुनिक पार्क, अब प्रदेश के हर मंडल में खुलेगी नक्षत्रशाला: भूमि पूजन शिलान्यास के साथ अत्यधिक साइंस पार्क के काम का हुआ शुभारंभ

आगरा साइंस पार्क प्रदेश का तीसरा आधुनिक पार्क, अब प्रदेश के हर मंडल में खुलेगी नक्षत्रशाला: भूमि पूजन शिलान्यास के साथ अत्यधिक साइंस पार्क के काम का हुआ शुभारंभ

आगरा : गुरुवार 06 नवम्बर, 2025

लखनऊ और गोरखपुर के बाद ताज नगरी आगरा में अत्याधुनिक सुविधायुक्त साइंस पार्क नक्षत्रशाला का शिलान्यास भूमि पूजन विधि विधान से संपन्न हुआ । कोठी मीना बाजार मैदान के सामने एसीपी लोहा मंडी कार्यालय के पीछे उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के प्रयास से आगरा को 39 करोड़ 62 लाख के विकास कार्यों की एक सौगात मिली है। उत्तर प्रदेश का तीसरा अत्याधुनिक सुविधा युक्त साइंस पार्क और नक्षत्रशाला का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल कुमार , केंद्रीय राज्य मंत्री सांसद प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल के साथ उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने किया।

शिलान्यास कार्यक्रम के उपरांत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि विधान से हवन पूजन नक्षत्रशाला और साइंस पार्क का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख सचिव श्री पंधारी यादव ने सभी अतिथियों का स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।

इस मौके पर उत्तर प्रदेश सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल कुमार ने कहा आज जो विकास कार्य का शुभारंभ आगरा में हो रहा है इसकी असली आधारशिला तत्कालीन विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने आज से करीब 3 वर्ष पूर्व कार्य योजना तैयार कर की थी। आगरा की नक्षत्रशाला साइंस पार्क प्रदेश का तीसरा उच्च सुविधा युक्त साइंस पार्क होगा जिसमें विद्यार्थियों और आम लोगों को विज्ञान की नई तकनीक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के साथ रोबोटिक साइंस और साइबर सुरक्षा से रूबरू होने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप अब प्रदेश के हर मंडल में साइंस पार्क की स्थापना की जाएगी।

उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि जब वे विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे थे, तभी इस परियोजना की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर मुख्यमंत्री को प्रस्तुत की गई थी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सहमति के बाद कैबिनेट में प्रस्ताव पारित हुआ और बेसिक शिक्षा विभाग की भूमि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग को हस्तांतरित की गई। उन्होंने कहा कि यह पार्क न केवल आधुनिक शिक्षा का केंद्र बनेगा, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगरा को सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और वैज्ञानिक दृष्टि से समृद्ध शहर के रूप में विकसित करने के लिए संकल्पित हैं। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही आगरा में छत्रपति शिवाजी स्मारक भी स्थापित होगा, जो धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन का केंद्र बनेगा।

केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि नक्षत्रशाला के निर्माण से छात्रों को खगोलशास्त्र के रहस्यों को समझने का अवसर मिलेगा। यह न केवल शिक्षा बल्कि शैक्षिक पर्यटन को भी बढ़ावा देगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार का नया द्वार खोलेगा। उन्होंने इसे आगरा की युवा पीढ़ी के लिए “विज्ञान का मील का पत्थर” बताया।इस अवसर पर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख सचिव पंधारी यादव ने सभी अतिथियों का स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।

न्यूज़ डेस्क

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *