आगरा: रविवार 23 नवम्बर 2025
ताज प्रेस क्लब के पार्किंग की दीवार कुछ अराजक तत्वों ने कुछ समय पहले गिरा दी थी, और वहां से निकलने के लिए अवैध रूप से एक गेट लगा दिया था, जिसके कारण प्रेस क्लब में आने वाले पत्रकारों को गाड़ी खड़ी करने में बड़ी असुविधा होती थी। तभी से पत्रकारों में बड़ा आक्रोश था, उनकी मांग थी कि दीवार का पुनः निर्माण कराया जाय।

प्रेस क्लब के चुनाव के बाद वर्तमान कार्यकारिणी, पदाधिकारी तथा अध्यक्ष मनोज मिश्रा की प्राथमिकता थी इस दीवार का पुनः निर्माण कराना।
अध्यक्ष मनोज मिश्रा द्वारा नगर निगम को विधिवत सूचित किया गया, तथा दीवार के निर्माण कार्य को शीघ्र ही पूरा कराने का अनुरोध किया गया। ज्ञात हो कि ताज प्रेस क्लब नगर निगम की संपत्ति है जिसमें ताज प्रेस क्लब संचालित है।

नगर आयुक्त के निर्देश पर नगर निगम की रेवेन्यू इंस्पेक्टर शिप्रा गुप्ता ने इस स्थल का निरीक्षण किया और पेमाइश कराई। जिसके बाद तत्काल लेबर को बुलाया गया, और दीवार का निर्माण कार्य शुरू किया गया। मजदूरों की सुरक्षा के लिए उन्होंने स्पेशल टास्क फोर्स के जवानों को भी तैनात कर दिया।

इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष मनोज मिश्रा, महासचिव विवेक जैन, उपाध्यक्ष अजेंद्र सिंह (अज्जू ), सचिव आलोक द्वीवेदी, पियूष शर्मा, वीरेंद्र इमल, कार्यकारिणी सदस्य जगत नारायण शर्मा, शरद शर्मा, फरहान, पूर्व अध्यक्ष गजेंद्र यादव तथा पी. पी.सिंह सहित अन्य पत्रकार उपस्थित रहे।

कल शनिवार को ताज प्रेस क्लब अध्यक्ष मनोज मिश्रा का जन्म दिवस भी था, अतः इस निर्माण कार्य को विशेष उपलब्धि मानते हुए सभी ने उन्हें शुभकामनायें और बधाई प्रेषित की।
विशेष संवाददाता











