आगरा: गुरुवार 18 सितंबर 2025
उत्तर भारत की ऐतिहासिक राम बारात की निकासी रावतपाड़ा स्थित लाला चन्नोमल की बारहद्वारी से भव्यता के साथ आरम्भ हुई। अपनी भव्यता के 148 वर्ष पूर्ण करते हुए राम बरात का यह आयोजन आगरा की पहचान बन चुका है। लाखों की संख्या में नर नारी बच्चे इस आलौकिक छठा के दर्शन को आगरा नगर की सड़कों पर, घरों की छत पर प्रतीक्षा करते हैं।

प्रभु श्रीराम अपने भ्राता लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के साथ जब चांदी के रथ पर सवार डोले में निकले तो समूचा वातावरण जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं की भीड़ निर्धारित मार्ग के दोनों ओर व्याकुलता के साथ उनके दर्शन को लालायित दिखी।
भगवान श्री राम का डोला सबसे अंत में निकलता है, इससे पूर्व सुसज्जित रथों पर सौ से अधिक मनमोहक झांकियां बैंड बाजों के साथ निकली। इन झांकियों में प्रभु श्री राम, कृष्ण कन्हैया, भोलेनाथ, हनुमान जी की लीलाओं के दर्शन हुए।

प्रभु श्रीराम के रथ के साथ मौजूद केंद्रीय मंत्री प्रो. एस. पी.सिंह बघेल, रामलीला कमेटी के अध्यक्ष पुरुषोत्तम खंडेलवाल, महामंत्री राजीव अग्रवाल, दशरथ बने अजय अग्रवाल तथा रामलीला कमेटी के अनेक सदस्य साथ चल रहे थे। राम बरात के निर्धारित मार्ग पर ये झांकियां, झांकियों के आगे बैंड बाजों से निकलती भजनों की धुनों से, समूचा मार्ग धार्मिक उल्लास से भर गया।
सामाजिक एकता और प्रभुभक्ति का संदेश दे रही राम बारात में समूचा नगर उमड़ पड़ा। सौ से अधिक भव्य झांकियां, बैंडों की धुन पर नाचते युवक और भक्तिरस से भरे जनसैलाब ने वातावरण को राममय बना दिया। राम बारात रावतपाड़ा से दरेसी, छत्ता बाजार, कचहरी घाट, बेलनगंज, धूलियागंज, सिटी स्टेशन रोड, घटिया आजम खां चौराहा, छिली ईंट रोड, फुलट्टी बाजार, किनारी बाजार,सेब का बाजार होते हुए 18 सितंबर की भोर में जनकपुरी कमलानगर पहुंचेगी।
रामलीला कमेटी के अध्यक्ष विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और महामंत्री राजीव अग्रवाल ने नारियल फोड़कर प्रभु श्रीराम की बारात का शुभारंभ किया।

दोपहर दो बजे पूजा अर्चना के बाद श्रीगणेश जी की झांकी के साथ प्रभु श्रीराम के डोले का पदार्पण हुआ, जिसके बाद अन्य झांकियां इसमें शामिल होती चली गईं। भगवान श्रीराम चांदी के रथ पर अपने भ्राताओं के साथ जब निकले तो श्रद्धालु उनके दर्शन से भाव विभोर हो उठे। रास्ते भर मकानों से श्रद्धालु झांकियों पर पुष्प वर्षा कर रहे थे।

इस वर्ष 12 बैंडों के साथ सौ से अधिक झांकियां शामिल हैं। इनमें एक झांकी ने 12 ज्योतिर्लिंगों के अलौकिक स्वरूप के दर्शन कराए, तो कहीं भगवान विष्णुजी और लक्ष्मीजी के दर्शन हुए, ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित एक झांकी ने तो देशभक्ति की भावना को झकझोर दिया।
भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन ने कड़ी व्यवस्था की हुई है, जिसमें सीसीटीवी के अलावा ड्रोन कैमरे से नजर रखी जा रही है। इस बार आगरा पुलिस के साथ आरएएफ,पीएसी और अन्य जिलों के पुलिसकर्मी भी लगाए गए हैं।
राम बारात के दर्शन को आगरा नगर के कस्बों, गांवों के साथ साथ मथुरा, हाथरस, फिरोजाबाद और आसपास से श्रद्धालु भगवान श्रीराम के दर्शन को पहुंचते है। चाट पकौड़ी और खानपान के ठेलों पर अनेक श्रद्धालु आनंद लेते दिखे।
न्यूज डेस्क







