बिचपुरी में पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू
आगरा: 12 सितम्बर 2025
कृषि विज्ञान केंद्र, बिचपुरी आगरा में 11 से 15 सितंबर तक आयोजित पाँच दिवसीय प्राकृतिक खेती प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
मुख्य अतिथि मोहन सिंह चाहर, प्रदेश मंत्री, ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। श्री चाहर ने कहा कि प्राकृतिक खेती समय की मांग है। इससे किसानों की आय बढ़ेगी । स्वास्थ्य सुरक्षित रहेगा और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ पर्यावरण मिलेगा।
बिचपुरी केंद्र के अध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र सिंह चौहान ने कहा कि प्राकृतिक खेती आज की आवश्यकता है। रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक प्रयोग से मिट्टी की उर्वरता कम हो रही है और उत्पादन लागत बढ़ रही है। प्राकृतिक खेती किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ मिट्टी, जल और पर्यावरण की रक्षा करती है।
कृषि वैज्ञानिक डॉ. संदीप सिंह ने प्रशिक्षण की जानकारी देते हुए बताया कि इस पाँच दिवसीय प्रशिक्षण में किसानों को जीवामृत, घनजीवामृत, बीजामृत, गोमूत्र अर्क, पंचगव्य, जैविक कीट प्रबंधन तथा मिश्रित फसल पद्धति जैसी उन्नत तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।






