Home / शिक्षा / ‘फर्स्ट इम्प्रेशन: आपकी पहचान, आपकी शक्ति’ कार्यशाला में महिलाओं ने सीखा प्रभाव, नेतृत्व और आत्मविश्वास का मंत्र

‘फर्स्ट इम्प्रेशन: आपकी पहचान, आपकी शक्ति’ कार्यशाला में महिलाओं ने सीखा प्रभाव, नेतृत्व और आत्मविश्वास का मंत्र

पहली छाप ही आपकी पहचान, शी विल इंस्पायर के मंच से निखरा आत्मविश्वास और व्यक्तित्व का प्रकाश

आगरा: शुक्रवार 13 फरवरी 2026

महिला सशक्तिकरण और व्यक्तित्व विकास को समर्पित शी विल इंस्पायर संस्था द्वारा होटल हॉलिडे इन में आयोजित “फर्स्ट इम्प्रेशन: आपकी पहचान, आपकी शक्ति” कार्यशाला शुक्रवार को संपन्न हुई।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता इमेज एवं सॉफ्ट स्किल्स कोच कृतिका खन्ना रहीं, जिन्होंने अपने सशक्त एवं व्यवहारिक संबोधन से उपस्थित महिला उद्यमियों को गहराई से प्रभावित किया।कार्यशाला की शुरूआत करते हुए संस्थापक राशि गर्ग ने संस्था के उद्देश्य की जानकारी दी।

कहा कि शी विल इंस्पायर का उद्देश्य महिलाओं को उनकी वास्तविक शक्ति से परिचित कराना है। यह मंच महिलाओं को आत्मविश्वास, नेतृत्व और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। रोली रस्तोगी ने मुख्य वक्ता कृतिका खन्ना का परिचय दिया और विषय परिवर्तन पूजा लूथरा ने किया।कृतिका खन्ना ने अपने सत्र की शुरुआत “आंतरिक छवि और शारीरिक छवि की समझ” से की।

उन्होंने बताया कि सशक्त व्यक्तित्व की नींव आत्मस्वीकृति और सकारात्मक सोच पर टिकी होती है। जब व्यक्ति स्वयं को स्वीकार करता है, तभी उसकी उपस्थिति प्रभावशाली बनती है।“प्रथम प्रभाव के पीछे का विज्ञान” विषय पर उन्होंने समझाया कि कुछ ही क्षणों में सामने वाला व्यक्ति हमारे बारे में धारणा बना लेता है। हमारी वाणी, नेत्र संपर्क, मुस्कान, शारीरिक हाव-भाव और ऊर्जा का स्तर इस प्रभाव को मजबूत या कमजोर बनाते हैं।

“प्रथम प्रभाव के तत्व” पर चर्चा करते हुए उन्होंने सुसज्जित व्यक्तित्व, संतुलित पहनावा, प्रभावी बॉडी लैंग्वेज, स्पष्ट संवाद शैली, सकारात्मक दृष्टिकोण और आत्मविश्वास को सफलता की कुंजी बताया।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित सहभागितापूर्ण गतिविधियों और अभ्यास सत्र ने सदस्यों को स्वयं का मूल्यांकन करने और सीखी गई बातों को व्यवहार में उतारने का अवसर दिया। “व्यक्तिगत पहचान निर्माण” विषय पर कृतिका खन्ना ने कहा कि हर व्यक्ति स्वयं में एक विशिष्ट ब्रांड है। अपनी विशेषताओं को पहचानकर निरंतरता और स्पष्ट उद्देश्य के साथ प्रस्तुत करना ही सफलता का मार्ग प्रशस्त करता है।

अंतिम चरण में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी जिज्ञासाओं का समाधान पाया और व्यक्तित्व विकास के लिए स्पष्ट कार्ययोजना बनाने का संकल्प लिया।

व्यवस्था डॉ भास्कर ज्योति और डिंपल ने संभाली। धन्यवाद कीर्ति खंडेलवाल ने दिया। कार्यशाला में कोमिला धर, अंशिका सरकार, कनिका अग्रवाल, नेहा विज, हरमीत, अंकिता, नियति, सोनिका, तन्वी, दीपिका गर्ग, आस्था, रुचि, डॉ सुनैना, श्रुति आदि उपस्थित रहीं।

न्यूज़ डेस्क

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *