आगरा: 8 सितंबर 2025
थाना कमला नगर के अंतर्गत बल्केश्वर स्थित श्री महालक्ष्मी मंदिर की दीवार गिरने से हाहाकार मच गया।आनन फानन में जिलाधिकारी, पुलिस कमिश्नर, महापौर और विधायक घटना स्थल पर पहुंच गए।
प्रशासन की जानकारी के अनुसार इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है, अभी तक पुलिस या प्रशासन को किसी के लापता होने की कोई भी सूचना नहीं मिली है। हालांकि दुर्घटना स्थल पर लोगों की संख्या को लेकर जो अफवाह थी, उसे देखते हुए उफनती यमुना में गोताखोरों द्वारा तलाश की जा रही है।एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गई है।

जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी ने घटनास्थल का दौरा करने के बाद बताया कि यमुना हादसे को लेकर फिलहाल कोई लापता होने की सूचना नहीं है। हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं, लेकिन हादसे में कोई यमुना में नहीं गिरा हो, इसके लिए गोताखोरों के जरिए तलाश जारी है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं। उन्होंने जनता से अपील की है कि वे यमुना के नजदीक नहीं जाएं।
आगरा पुलिस कमिश्नरेट के मीडिया सेल की सूचनानुसार बल्केश्वर में यमुना जी के किनारे बने हुए लक्ष्मी मंदिर परिसर की एक दीवार पानी में ढह गई है। सोशल मीडिया पर कई लोगों के पानी में गिरने की सूचना प्रसारित की जा रही है, जिसके संबंध में अवगत कराना है कि प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा किसी को पानी में गिरते हुए नहीं देखा गया है।

मौके पर मौजूद पुलिस प्रशासन और एनडीआरएफ की टीमों और गोताखोरों के जरिए आसपास यमुना में तलाशी अभी जारी है। दीवार ढहने के समय मौके पर दर्जनों लोग मौजूद थे। हालांकि पुलिस और अधिकारियों ने वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की तो कोई मौजूद लोगों की निश्चित संख्या नहीं बता सका। पुलिस के पास एक परिवार के तीन लोगों के मिसिंग होने की सूचना पहुंची थी। ये लोग महालक्ष्मी मंदिर पर यमुना को देखने के लिए ही घर से आए थे। लेकिन कुछ ही समय बाद इस परिवार द्वारा पुलिस को सूचना दी गई कि उनके तीनों परिजन सकुशल घर पहुंच गये हैं। इसके बाद अधिकारियों ने भी राहत की सांस ली।

हादसे की सूचना पर बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर रहे विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल तत्काल मौके पर पहुंच गये थे। इसके बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, महापौर और जिलाधिकारी स्वयं मौके पर पहुंच गए। इस समय तक पुलिस आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर चुकी थी।

हादसे के बाद समाचार लिखे जाने तक किसी के लापता होने की जानकारी सामने नहीं आई है, और प्रशासन को भी लगता है कि इस घटना से वही पांच-छह लोग प्रभावित हुए थे, जो दीवार गिरने से घायल हुए थे। ये लोग उसी समय निकाल लिए गए थे। हादसे के बाद एहतियातन पुलिस और प्रशासन द्वारा यमुना में गोताखोरों के जरिए तलाशी का अभियान अभी भी चलवाया जा रहा है।
रिपोर्ट- प्रभाकर शर्मा






