Home / लाइफस्टाइल / बार काउंसिल ऑफ़ उत्तर प्रदेश के बहुप्रतीक्षित चुनाव आगरा में 16- 17 जनवरी 2026 को

बार काउंसिल ऑफ़ उत्तर प्रदेश के बहुप्रतीक्षित चुनाव आगरा में 16- 17 जनवरी 2026 को

यू पी बार काउंसिल के चुनाव में 25 पदों के लिए यूपी से 333 प्रत्याशी मुकाबले में, सभी नामांकन प्रपत्र वैध

2 लाख 49 हजार 808 मतदाता इन प्रत्याशियों के भाग्य का करेंगे फैसला

आगरा से कुल 11 प्रत्याशी चुनाव मैदान में

आगरा: शनिवार 10 जनवरी 2026

यूपी बार काउंसिल चुनाव 2025-26 के लिए 25 पदों पर 333 प्रत्याशी मैदान में हैं। सभी नामांकन पत्र वैध पाए गए हैं, और 27 नवंबर तक किसी भी प्रत्याशी ने नाम वापस नहीं लिया। चुनाव 16 से 31 जनवरी 2026 तक चार चरणों में होंगे। 2 लाख 49 हजार 808 मतदाता इन 25 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। मतदान स्थल पर बैनर, पोस्टर और मोबाइल फोन प्रतिबंधित रहेंगे।

यूपी बार काउंसिल चुनाव में 25 पदों के लिए 333 प्रत्याशी मैदान में

यूपी बार काउंसिल चुनाव में 25 पदों के लिए 333 प्रत्याशियों में मुकाबला होगा। यूपी बार काउंसिल चुनाव (सत्र 2025-26) के लिए 25 पदों पर इस बार 333 प्रत्याशी मुकाबले में हैं। 334 नामांकन दाखिल किए गए थे और सभी 334 नामांकन प्रपत्र वैध पाए गए थे, लेकिन प्रत्याशी सुनील दत्त त्यागी की 26 नवंबर को हार्ट अटैक से मृत्यु हो गई, इसलिए अब 333 प्रत्याशी मैदान में हैं। नामांकन प्रपत्र वापसी की नियत तिथि 27 नवंबर तक किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन वापस नहीं लिया।

प्रत्याशियों के क्रमांक की प्रति कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर चस्पा

यूपी बार काउंसिल चुनाव 2025-26 के लिए काउंसिल के सचिव राम किशोर शुक्ल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार सभी 333 प्रत्याशियों का क्रमांक शुक्रवार को निर्वाचन अधिकारी के रूप में न्यायमूर्ति अरविंद कुमार त्रिपाठी तथा पर्यवेक्षक न्यायमूर्ति सुरेन्द्र सिंह के निर्देशन में जारी किया गया। इसकी प्रति कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर चस्पा किए जाने के साथ ही, महाधिवक्ता कार्यालय तथा समस्त बार संघों को जिला जज/ जिलाधिकारी के माध्यम से प्रेषित की गई है।

माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा गठित हाईपावर कमेटी जिसके अध्यक्ष माननीय न्यायमूर्ति श्री रविरंजन, पूर्व मुख्य न्यायाधीश, झारखण्ड हाईकोर्ट, सदस्य माननीय न्यायमूर्ति श्री एस०आर० मसूरी, पूर्व न्यायाधीश, हाईकोर्ट इलाहाबाद व सदस्य माननीय न्यायमूर्ति श्री रेखा पल्ली, पूर्व न्यायाधीश, दिल्ली हाईकोर्ट की देख-रेख में सम्पन्न हो रहा है। यह भी अवगत कराना है कि उक्त चुनाव के निर्वाचन अधिकारी, माननीय न्यायमूर्ति श्री अरविन्द कुमार त्रिपाठी, पूर्व न्यायाधीश, हाईकोर्ट इलाहाबाद व पर्यवेक्षक, माननीय न्यायमूर्ति श्री सुरेन्द्र सिंह, पूर्व न्यायाधीश, हाईकोर्ट इलाहाबाद के प्रत्यक्ष निर्देश में सम्पन्न होगा।

बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के सामान्य निर्वाचन 2025-26 में बार कांउसिल ऑफ उत्तर प्रदेश सदस्य पद हेतु कुल 333 प्रत्याशियों ने नामांकन किया है एवं वैध प्रत्याशी के रूप में चुनाव में भाग ले रहे हैं।

उप्र बार काउंसिल के मतदान की जिलेवार तिथियां

सचिव/चुनाव अधिकारी बार काउंसिल ऑफ उ०प्र० की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश का निर्वाचन 04 चरणों में दिनांक 16 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक सम्पन्न होगा, जिसमें प्रथम चरण का मतदान दिनांक 16/17 जनवरी 2026 को, द्वितीय चरण का मतदान दिनांक 20/21 जनवरी 2026 को, तृतीय चरण का मतदान दिनांक 27/28 जनवरी 2026 को, व चौथे व अन्तिम चरण का मतदान दिनांक 30/31 जनवरी 2026 को नियत है।

मतदान के दिन क्या सतर्कता बरती जाएगी

चारों चरणों के चुनाव में कुल मिलाकर 249808 मतदाता हैं।चुनाव के दौरान बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश, कार्यालय प्रयागराज या किसी भी कचेहरी परिसर में जहां मतदान स्थल होगा, उससे 100 मीटर की परिधि में किसी भी प्रत्याशी का बैनर, पोस्टर लगाना प्रतिबंधित है और किसी मतदाता को मोबाइल फोन या अन्य इलेक्ट्रानिक गैजेट जिससे फोटो खींची जा सके व अस्त्र-शस्त्र को लेकर मतदान स्थल पर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

मतदान करने वाले प्रत्येक मतदाता को अपने मत का प्रयोग करने हेतु अपने साथ सी०ओ०पी० प्रमाण पत्र/परिचय पत्र या अधिवक्ता पंजीकरण प्रमाण पत्र/परिचय पत्र लाना अनिवार्य है। मतदान स्थल में केवल उन्हीं मतदाताओं को प्रवेश की अनुमति होगी, जिनका नाम मतदाता सूची में होगा। नॉन एडवोकेट या जिन अधिवक्ताओं का नाम मतदाता सूची में नहीं होगा, उनको मतदान परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं रहेगी।

कौन से मतपत्र अवैध घोषित किए जाएंगे

मतदाताओं को यह सूचित किया गया है कि मत पत्र में केवल हिन्दी, अंग्रेजी या रोमन अंक (जैसे 1,2,3,4 या १,२,३,४ या I,II,III,IV) में ही वरीयता क्रम में अंकित करें। हिन्दी/अंग्रेजी के शब्द/अक्षर का प्रयोग नहीं करेंगे और न ही मतपत्र पर अपने हस्ताक्षर व कोई निशान/चिन्ह लगायेंगे, ऐसे मतपत्रों को अवैध घोषित कर दिया जायेगा।

विशेष संवाददाता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *