*जनहित और पर्यावरण संतुलन के लिए पूर्व कैबिनेट मंत्री राजा अरिदमन सिंह ने जिलाधिकारी को पत्र देकर लगाई गुहार*
आगरा शनिवार 14 फरवरी 2026
आमजन और शहर के हित में लगातार विभिन्न मुद्दों को उठाने वाले वरिष्ठ भाजपा नेता और उत्तर प्रदेश सरकार में चार बार कैबिनेट मंत्री रहे राजा अरिदमन सिंह ने आगरा के जिलाधिकारी को पत्र देकर महात्मा गाँधी मार्ग के चौड़ीकरण और उसके साथ ही पर्यावरण संतुलन की दृष्टि से वृक्षारोपण की माँग की है।

जिलाधिकारी को दिए गए पत्र में राजा अरिदमन सिंह ने लिखा है कि एमजी रोड पर चल रहे मेट्रो के निर्माण कार्य से सड़क के बगल में बने पेवमेंट को तोड़कर पैदल राहगीरों के लिए 1 या 1.5 मीटर चौड़ा फुटपाथ बनाया जाये। उन्होंने कहा है कि मानव जीवन में स्वास्थ्य एवं पर्यावरण की दृष्टि से पेड़ों का होना अति आवश्यक है फिर भी एमजी रोड पर बने सेन्ट्रल वर्ज में लगे लगभग 1400 या उससे ज्यादा पेड़ हटा दिये गये। देखरेख के अभाव में फुटपाथ पर पर लगे हुये पेड़ सूख गये और निरंतर सूख रहे है। आगे उनके विकास की सम्भावना भी कम है।
*सुप्रीम कोर्ट से अनुमति लेकर सड़क के दोनों ओर लगाएँ छतरीदार पेड़*
राजा अरिदमन सिंह ने लिखा है कि सड़क के दोनों तरफ सूख रहे पेड़ों को हटाकर नये पेड़ साइड से लगाये जाएँ, जिससे फुटपाथ पर जा रहे लोगों को वृक्षों की छाया मिल सके।
उन्होंने फुटपाथ के दोनों और टर्मिनलिया मेंटली यानी एक तेजी से बढ़ने वाला सजावटी और छायादार उष्णकटिबंधीय छतरीदार पेड़ लगाने का सुझाव देते हुए कहा है कि इनका रोपण एक निश्चित/अधिकतम दूरी पर हो। इसके लिए माननीय सर्वोच्च न्यायालय से भी परमीशन ली जा सकती है।
*वर्ष 1976 में हुआ था सड़क का चौड़ीकरण*
राजा अरिदमन सिंह ने याद दिलाया है कि वर्ष 1976 में सड़क का चौड़ीकरण किया गया था, रिक्शा आदि के लिए साइड से जगह छोड़ी गयी थी। अब उस जगह फुटपाथ बना दिया गया है। फुटपाथ पर लगे वृक्ष जंगली किस्म के हैं। उन वृक्षों का गोल घेरा भी कम है। उनमें गिट्टी/पत्थर भर दिये गये हैं, जिससे वृक्षों को पर्याप्त मात्रा में पानी भी नहीं मिल पाता तथा वृक्षों की ग्रोथ भी नहीं होती। इससे वृक्ष सूखने लगते हैं।
उन्होंने जिलाधिकारी को पत्र देकर समझाया कि इन सब तथ्यों पर ध्यान देकर उनके सुझावों पर अमल करने से महात्मा गाँधी मार्ग और चौड़ा व सुंदर होगा। साथ ही, पर्यावरण संतुलन और सुगम यातायात की दृष्टि से वहाँ और बेहतर वातावरण बन सकेगा।
न्यूज़ डेस्क









