नृत्य एवं नाट्य कला संस्कृति के प्रति समर्पित कलाकारों का लगेगा मेला: विभिन्न प्रदेशों की सांस्कृतिक विधा के साथ लघु भारत के होंगे दर्शन
आगरा: बुधवार 24 सितंबर 2025
ताजनगरी में लघु भारत की झलक दिखेगी रंगोदय 2025 में, जो संस्कार भारती नाट्य केंद्र आगरा द्वारा संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार, मिल्टन पब्लिक स्कूल और आगरा के कलाप्रेमियों के सहयोग से मणिपुर के वरिष्ठ रंगकर्मी के. बी. शर्मा और असम की वरिष्ठ रंगकर्मी पाखिला कलिता की स्मृति में किया जा रहा है। जिसमें देश के कई प्रदेशों की संस्कृतियों की मनोहारी इंद्रधनुषी रंगत बिखरेगी।
चार अक्टूबर से सात अक्टूबर तक अवधपुरी स्थित मिल्टन पब्लिक स्कूल में बसाए जा रहे भव्य रंगग्राम में रंगोदय 2025 के तहत 21वां राष्ट्रीय नाट्य नृत्य महोत्सव और राष्ट्रीय सम्मान समारोह होगा।
यूथ हॉस्टल में महोत्सव के पोस्टर का विमोचन संस्था के पदाधिकारियों के द्वारा किया गया। पोस्टर विमोचन बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में संस्कार भारती नाट्य केंद्र के अध्यक्ष पंकज सक्सैना ने पत्रकारों को बताया कि संस्थापक निदेशक नाट्यशिल्पी केशव प्रसाद सिंह के निर्देशन में इसमें सांस्कृतिक कार्यक्रमों का प्रस्तुतिकरण किया जायेगा। इसमें प्रतिभाग करने के लिए देशभर से दर्जनों टीमों के सैंकडों कलाकार पधार रहे हैं। लिहाजा अपने आगरा के सभी कलाप्रेमियों से आग्रह है कि कलाकारों का उत्साहवर्धन करने के लिए जरूर पधारें।
महोत्सव संयोजक अजय दुबे ने बताया कलाकारों के ठहरने एवं भोजन की रंगग्राम में समुचित व्यवस्थाएं की जा रही हैं। अतिथि कलाकार अपनी इस सांस्कृतिक यात्रा के दौरान आगरा की ऐतिहासिक इमारतों का अवलोकन करने जायेंगे उनके लिए बसों की व्यवस्था की जा रही है।
महोत्सव के प्रधान संरक्षक और मिल्टन पब्लिक स्कूल ग्रुप के एमडी डॉ. राहुल राज ने बताया महोत्सव आगरा का बहुत ही महत्वपूर्ण आयोजन बन चुका है, लिहाजा रंगग्राम को आकर्षक और अनूठा स्वरूप दिया जा रहा है। अपने आगरा की विभिन्न शख्शियतों को इसमें बतौर मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि आमंत्रित किया जा रहा है।
संरक्षक और मीडिया प्रभारी डॉ. महेश चंद्र धाकड़ ने बताया विपरीत परिस्थितियों में भी कला-संस्कृति के प्रति समर्पण को दोहराते हुए मणिपुर के कलाकार यहां आ रहे हैं। इस महोत्सव को सोशल मीडिया के जरिए जन-जन तक पहुंचाने की व्यवस्था भी लाइव करके की जाएगी।उपाध्यक्ष स्वामी दास अरोरा ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ 03 अक्टूबर को सांय 06 बजे रंगग्राम के उद्घाटन संग होगा।
सचिव नीता तिवारी ने बताया कि मिल्टन पब्लिक स्कूल के ज्योति जगदीश प्रेक्षागृह में महोत्सव के अंतर्गत 04 अक्तूबर, सुबह 10 बजे नृत्य प्रतियोगिताओं का उद्घाटन होगा। वहीं सांय 05 बजे नाट्य प्रतियोगिता का उद्घाटन होगा। 05 अक्तूबर से 06 अक्टूबर तक सुबह 10 बजे से 01 बजे तक शास्त्रीय नृत्य प्रतियोगिता होगी। वहीं अपराह्न 02 बजे से सायं 04 बजे तक लोक नृत्य प्रतियोगिता होगी। 07 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से रंग जुलूस निकाला जायेगा। जो राजामंडी स्टेशन से शुरू होकर दिल्ली गेट, बाग फरजाना, सूरसदन, संजय प्लेस होते हुए शहीद स्मारक पर पहुंच कर संपन्न होगा। इसी दिन शाम को 06 बजे से समापन समारोह का भी आयोजन किया जायेगा। इसमें नाटक गधे की बारात के मंचन के अलावा चयनित नृत्यों का प्रदर्शन भी किया जायेगा।
सम्मान समारोह संयोजक उमा शंकर मिश्र ने बताया इसी दिन रात्रि 08 बजे से सम्मान समारोह होगा जिसमें देशभर के वरिष्ठ और युवा कलाकारों को उनके कला और संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पुरस्कृत किया जाएगा।
कोषाध्यक्ष संजय सक्सेना ने बताया कि इस आयोजन के लिए सभी इंतजाम अंतिम दौर में चल रहे हैं।
संगठन मंत्री प्रमेंद्र पाल सिंह ने कहा इस आयोजन के लिए कई कमेटियों का गठन किया है ताकि कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।
विभिन्न राज्यों से पधार रहे हैं नाट्य कलाकारों के दलनाट्य निर्देशक चंद्र शेखर ने बताया महोत्सव में एक तरफ सभागार में नाट्य मंचन होंगे वहीं दूसरी ओर खुले आकाश के नीचे नुक्कड़ नाटकों के प्रदर्शन भी होंगे। जो दल इस वर्ष आ रहे हैं उनमें, चूंग थांग क्रिएटिव आर्टिस्ट्स एसोसिएशन इंफाल मणिपुर, अंग नाट्य मंच बरियारपुर बिहार, अभिनायक रंगमंच, ड्रामाटर्जी दिल्ली, सरना नव युवक संघ, पंचतत्व राउरकेला, थियेटर मूवमेंट कटक, आह्वान जाजपुर उड़ीसा, माध्यम संस्थान प्रयाग राज, तरकश लोक कला एवं कल्याण समिति झांसी , माधव रंगमंडल बरेली, अनुभूति सेवा समिति, मंथन आर्ट्स सोसायटी शाहजहांपुर, मंच दूतम वाराणसी यूपी, बीइंग कलाकार मुंबई महाराष्ट्र, तक्षशिला गोहारी असम, शारदा नाट्य मंच, एंटीक इंडियन, द रंग आर्ट एंड कल्चर एंड सोशल वेलफेयर ट्रस्ट गिरडीह, कला निकेतन धनबाद झारखंड, सत्य नाट्य एवं नृत्य संस्था भिलाई, राजनांदगांव थिएटर ग्रुप छत्तीस गढ़, उत्तर दक्षिण कोलकाता पश्चिम बंगाल, सप्तक कल्चरल सोसायटी रोहतक हरियाणा राज्यों से पधार रहे हैं।
लोक शास्त्रीय नृत्य कलाकारनृत्य निर्देशक डॉ. मनु शर्मा एवं संगीत निर्देशक डॉ. विभा ने बताया इस महोत्सव में लोक शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुतियां भी होंगी इनमें हिस्सा लेने के लिए जो दल पधार रहे हैं उनमें प्रमुख हैं, गुरू अंभुगाल डांस म्यूजिक सेंटर इंफाल मणिपुर, नृत्यांगन कथक कला केंद्र अजमेर राजस्थान, रस कला संगीत महाविद्यालय कटनी, नाद ब्रह्म संगीत संस्थान जबलपुर, ध्रुपद डांस एकेडमी इंदौर मध्यप्रदेश, अनुरोध साहित्य कला केंद्र आजमगढ़ उत्तर प्रदेश, महाश्वेता कला केंद्र, नटराज यूथ क्लब साहिबगंज झारखंड, चंद्र कांत पाटकर विद्यालय मुंबई महाराष्ट्र।सह सचिव अंकित कुमार सिंह, स.प्र. अधिकारी राजेश मल्होत्रा, कार्यकारिणी सदस्य संजय चतुर्वेदी, अनीता परिहार, दीपक जैन, वाणी सक्सैना, सदस्य सुधीर कुमार, अर्निका माहेश्वरी, राजीव सिंघल, संदीप अरोड़ा भी इसमें अहम भूमिका निभा रहे हैं।
न्यूज़ डेस्क




