Home / स्वास्थय / वैश्विक मंच की ओर बढ़ता आगरा का ब्रश उद्योग: यूरोपीय टेक्नोलॉजी विशेषज्ञ के साथ संवाद कार्यक्रम हुआ आयोजित

वैश्विक मंच की ओर बढ़ता आगरा का ब्रश उद्योग: यूरोपीय टेक्नोलॉजी विशेषज्ञ के साथ संवाद कार्यक्रम हुआ आयोजित

ब्रश एंड क्लीनिंग प्रोडक्ट एसोसिएशन द्वारा यूरोपीय टेक्नोलॉजी विशेषज्ञ के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित

100 वर्ष पुराना उद्योग, नई उड़ान के लिए तैयार, यूरोपीय तकनीक से गुणवत्ता और प्रतिस्पर्धा में बढ़त

आगरा: सोमवार 02 फ़रवरी 2926

एक विकसित राष्ट्र के रूप में देश के भविष्य को आकार देने की सोच के साथ वर्ष 2025 में गठित ब्रश एंड क्लीनिंग प्रोडक्ट संगठन ने एक नई पहल करते हुए वैश्विक मंच पर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराने की दिशा में कदम बढ़ाया।

इसी क्रम में संगठन द्वारा न्यू आगरा स्थित होटल विजय विलास में यूरोपीय टेक्नोलॉजी विशेषज्ञ के साथ संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि संयुक्त आयुक्त उद्योग अनुज कुमार, लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय सचिव दीपक अग्रवाल, प्रदेश सचिव मनीष अग्रवाल रावी, इटली से आए विशेषज्ञ जियान लुका, जय सिंघवी, संस्था के अध्यक्ष अमित मोरियानी, सचिव नितिन अग्रवाल और कोषाध्यक्ष वासु अग्रवाल द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।

मुख्य अतिथि संयुक्त आयुक्त उद्योग अनुज कुमार ने एसोसिएशन के गठन पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आगरा का ब्रश एवं क्लीनिंग प्रोडक्ट उद्योग 100 वर्ष से भी अधिक पुराना है। उन्होंने आश्वस्त किया कि विभागीय स्तर पर हर संभव प्रयास किए जाएंगे ताकि आगरा के इस पारंपरिक उद्योग को जियो टैगिंग तथा एक जिला एक उत्पाद योजना में शामिल कराया जा सके, जिससे इसे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान मिले।

लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय सचिव दीपक अग्रवाल ने कहा कि ब्रश एवं क्लीनिंग प्रोडक्ट उद्योग भारत को सोने की चिड़िया से सोने का शेर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। यह उद्योग रोजगार सृजन, निर्यात और आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा को मजबूती प्रदान करता है।

प्रदेश सचिव मनीष अग्रवाल रावी ने कहा कि जिस संस्था का गठन ही संगठित होकर उद्योग करने और भारत के विकास की सोच के साथ हुआ हो, वह निश्चित रूप से वैश्विक मंच पर अपनी अलग पहचान बनाएगी।

इसके पश्चात आयोजित तकनीकी सत्र को संबोधित करते हुए इटली से आए विशेषज्ञ जियान लुका और भारत में जय सिंघवी ने यूरोपीय टेक्नोलॉजी के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि आधुनिक यूरोपीय तकनीक के माध्यम से कम लागत में उच्च गुणवत्ता वाले ब्रश तैयार किए जा सकते हैं, जिससे भारतीय उत्पाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धी बन सकते हैं। उन्होंने पैकेजिंग के लिए अपनाई जा रही यूरोपियन तकनीक की भी जानकारी दी।

संस्था के अध्यक्ष अमित मोरियानी ने जानकारी दी कि संगठन का गठन वर्ष 2025 में किया गया था और वर्तमान में आगरा का ब्रश उत्पाद नेपाल, बांग्लादेश, भूटान, यूएई तथा अफ्रीकी देशों में निर्यात हो रहा है। उन्होंने कहा कि अब आगरा का यह उद्योग वैश्विक मंच पर अपनी सशक्त पहचान बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है और यूरोपीय देशों की तकनीक को समझकर आगे बढ़ेगा।

सचिव नितिन अग्रवाल ने कहा कि अब आगरा के ब्रश उद्योग को जियो टैगिंग और एक जिला एक उत्पाद योजना में शामिल किए जाने की अत्यंत आवश्यकता है, जिससे इसे संरचनात्मक और नीतिगत लाभ मिल सके।

कार्यक्रम में मुकेश आहुजा, शैलेंद्र गुप्ता, अंकित अग्रवाल, योगेश कुमार, सम विपिन अग्रवाल, श्रवण आहूजा आदि विशेष रूप से उपस्थित रहे।

विशेष संवाददाता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *