श्री तुलसी दल के भव्य फूल बंगले में सजे खाटू नरेश, श्वेत पुष्प और हरित आभा से अलौकिक बना वातावरण
आगरा: रविवार 1 मार्च 2026
जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में आयोजित श्री श्याम फागुन महोत्सव के सातवें दिवस पर चन्दन की होली अत्यंत श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास के साथ खेली गई। फागुन की पावन बयार और “श्याम नाम” के संकीर्तन के बीच जब भक्तों पर चन्दन की शीतल बौछार हुई, तो पूरा मंदिर परिसर दिव्य सुगंध और भक्ति से सराबोर हो उठा।
इस विशेष अवसर पर खाटू नरेश का श्रृंगार तुलसी दल के भव्य फूल बंगले में किया गया। श्वेत पुष्पों की सौम्य छटा और तुलसी दल की हरितिमा ने ऐसा अद्भुत और अनुपम दृश्य प्रस्तुत किया कि श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो स्वयं श्याम बाबा अपने भक्तों को शीतल कृपा का आशीष प्रदान कर रहे हों।
अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि श्री श्याम फाल्गुन महोत्सव के सातवें दिवस पर श्रृंगार एवं पोशाक सेवा आगरा नरेश श्याम भक्त सेवा समिति द्वारा श्रद्धाभाव से संपन्न की गई। इत्र सेवा अजय अग्रवाल द्वारा प्रदान की गई, जबकि चन्दन की होली सेवा अखिल मोहन मित्तल और केशव मित्तल द्वारा की गई।
भजनों और संकीर्तन की मधुर स्वर लहरियों के मध्य जब चन्दन की होली आरंभ हुई, तो भक्तगण शीतल चन्दन के रंग में रंगकर आनंद और भक्ति में झूम उठे। मंदिर परिसर की दिव्यता, पुष्प सज्जा और चन्दन की सुगंध ने वातावरण को पूर्णतः आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत कर दिया।प्रतिदिन की भांति इस दिन भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिर परिसर में उमड़ी।
संजय अग्रवाल, विकास गोयल, विपिन बंसल, मुरारी प्रसाद अग्रवाल, कन्हैया लाल अग्रवाल, आशीष अग्रवाल आदि ने व्यवस्था संभाली।
न्यूज़ डेस्क







