श्री मनःकामेश्वर महिला मंडल ने रचाया दिव्य वैवाहिक उत्सव
भक्ति और आनंद से सराबोर हुआ तुलसी–शालिग्राम विवाह,
भव्य वर यात्रा में उमड़े श्रद्धालु
आगरा: रविवार 2 नवम्बर 2025
श्री मनःकामेश्वर मंदिर, रावत पाड़ा में शनिवार को तुलसी–शालिग्राम विवाह समारोह अद्भुत भक्ति भाव और वैदिक वैभव के साथ सम्पन्न हुआ।

श्री मनःकामेश्वर महिला मंडल द्वारा आयोजित इस पावन अनुष्ठान में सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। मंदिर परिसर से शालिग्राम जी की भव्य वर यात्रा निकली, जो सुभाष बाजार, जौहरी बाजार, रावत पाड़ा और दरेसी मार्ग से होती हुई पुनः मंदिर लौटी।यात्रा के दौरान जयकारों, पुष्पवर्षा, आतिशबाजी और भक्ति गीतों की धुनों ने वातावरण को आध्यात्मिक उत्साह से भर दिया। महिलाओं ने मार्गभर नृत्य कर उत्सव को और भव्य बना दिया। दूल्हा स्वरूप शालिग्राम जी के दर्शन को भक्तों में विशेष उत्सुकता रही।
तिलकायत मठ के श्रीमहंत योगेश पुरी शालिग्राम जी के रथ को लेकर चले एवं यात्रा की अगुवाई मठ प्रशासक हरिहर पुरी ने की। मंदिर परिसर में सजी दिव्य मंडप वेदी पर मंगल गीतों के मध्य विवाह संस्कार सम्पन्न हुआ। मुख्य यजमान नीलिमा गुप्ता एवं राहुल गुप्ता ने विधि-विधान से कन्यादान किया।

तिलकायत मठ के श्रीमहंत योगेश पुरी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि तुलसी–शालिग्राम विवाह सनातन परंपरा का अनुपम प्रतीक है। यह उत्सव भक्तों को ईश्वर से जोड़ता है और जीवन में पवित्रता, सद्भाव तथा भक्ति के भाव को जागृत करता है।
आज यहां उपस्थित हर व्यक्ति परम सौभाग्यशाली है।मठ प्रशासक हरिहर पुरी ने कहा कि कार्तिक मास में ऐसे दिव्य उत्सव समाज में आध्यात्मिक चेतना का संचार करते हैं। महिला मंडल की निष्ठा और अनुशासन प्रशंसनीय है। यह आयोजन समाज में धार्मिक संस्कृति के संरक्षण का प्रेरणादायी उदाहरण है।

महिला मंडल की दीप्ति गर्ग ने बताया कि 50 से अधिक महिलाएं पूरे कार्तिक मास में ब्रह्म मुहूर्त में तुलसी माँ का विशेष पूजन करती रहीं। उसी अनुष्ठान की पूर्णाहुति स्वरूप आज विवाह संस्कार किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने भजनों पर मनमोहक नृत्य कर उत्सव को और भव्य बनाया।

पूर्ण वैदिक रीति, संगीत, सजावट और भक्ति के मधुर स्वर के साथ मंदिर परिसर आध्यात्मिक प्रकाश से आलोकित होता रहा।समारोह में सुधीर यादव, कुमकुम, दीप्ति गर्ग, अन्ना, शिमला, रीता, अनीता, भावना, राधा, दुर्गेश, सोनू, सविता, मोना आदि आदि उपस्थित रहीं।
न्यूज़ डेस्क










