Home / लाइफस्टाइल / श्री खाटू श्याम जी फाल्गुन महोत्सव 2026:श्याम नाम के जयघोष से गुंजायमान हुआ

श्री खाटू श्याम जी फाल्गुन महोत्सव 2026:श्याम नाम के जयघोष से गुंजायमान हुआ

आगरा: मंगलवार 24 फरवरी 2026

अलौकिक भव्यता के साथ निकली शोभायात्रा

श्री खाटू श्याम जी फाल्गुन महोत्सव शोभायात्रा में 30 से अधिक झांकियां,

नासिक पुणे का बैंड, चंग धमाल, काली का अखाड़ा, महाकाल लोक के दर्शन बने आकर्षण,

तोप से फूल और गुलाल की वर्षा एवं इत्र की मस्ती में सराबोर हुए श्याम भक्त

1100 निशान, 500 कलश लेकर नंगे पांव चले भक्त,

थाईलैंड के फूलों और बैंगलोर के मेवा श्रृंगार और अद्भुत विद्युत सज्जा से सजा श्याम बाबा का दरबार

मातंगी टावर, जीवनी मंडी पर हुआ शोभायात्रा का विशेष स्वागत, महा आरती में शामिल हुए हजारों भक्त

भक्ति, उल्लास और आस्था का विराट स्वरूप उस समय देखने को मिला जब मंगलवार को श्री मनकामेश्वर मंदिर, रावत पाड़ा से श्री श्याम प्रभु की भव्य शोभायात्रा प्रारंभ हुई। “हारे के सहारे” और “श्याम बाबा की जय” के गगनभेदी जयघोषों के बीच हजारों श्रद्धालु निशान हाथों में लेकर नंगे पांव पदयात्रा करते हुए नगर भ्रमण पर निकले।

भव्य आरती के साथ केंद्र राज्य मंत्री प्रो एसपी सिंह बघेल, विधायक पुरषोत्तम खंडेलवाल, विधानसभा सदस्य विजय शिवहरे, लॉयंस क्लब इंटरनेशनल के पूर्व निदेशक जितेन्द्र चौहान, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने शोभायात्रा का शुभारंभ किया।

केंद्र राज्य मंत्री प्रो एसपी सिंह बघेल ने कहा कि श्री खाटू श्याम जी की यह भव्य शोभायात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी सनातन संस्कृति, सामाजिक एकता और श्रद्धा की सशक्त अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि जब हजारों श्रद्धालु अनुशासन और समर्पण के साथ श्याम नाम का जयघोष करते हुए नगर भ्रमण करते हैं, तो वह दृश्य अपने आप में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करता है।

शोभायात्रा राम बारात मार्ग, जौहरी बाजार, सुभाष बाजार, दरेसी, मोतीगंज, कचहरी घाट, बेलनगंज एवं जीवनी मंडी होते हुए श्री खाटू श्याम जी मंदिर पहुंची। मार्ग में सैंकड़ों स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा, इत्र एवं गुलाल से स्वागत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।शोभायात्रा संयोजक अजय गर्ग (अवागढ़) ने बताया कि यह आयोजन मंदिर के अष्टम स्थापना दिवस एवं श्री श्याम फाल्गुन महोत्सव के अंतर्गत श्रद्धा, सेवा और समर्पण की भावना से संपन्न हुआ।

इस वर्ष लगभग 50 से 60 भव्य एवं सजीव झांकियां शोभायात्रा में सम्मिलित हुईं, जिन्होंने धार्मिक प्रसंगों को साकार कर दिया। गणेश जी, महालक्ष्मी, कैला देवी, शिव परिवार की झांकी, जगन्नाथ जी, आदियोगी, शिव डमरू, सालासर बालाजी, गोवर्धन जी महाराज की झांकी, नासिक एवं पुणे से आए विशेष बैंड दलों की मधुर धुनों, ढोल-नगाड़ों की गूंज, चंग की धमाल, महाकाल की सवारी एवं काली के अखाड़े ने शोभायात्रा को अद्वितीय स्वरूप प्रदान किया। हजारों पुरुष श्रद्धालु सफेद कुर्ता-पायजामा और महिलाएं गुलाबी साड़ी के ड्रेस कोड में अनुशासित पंक्तियों में चल रही थीं। हाथों में लहराते निशान और मुख पर श्याम नाम का उत्साह पूरे नगर को भक्ति के रंग में रंग रहा था।

मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने सभी भक्तों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि श्याम कृपा से यह आयोजन ऐतिहासिक एवं अविस्मरणीय बन सका।

मातंगी टावर पर हुई महाआरती

शोभायात्रा के अंतिम पड़ाव जीवनी मंडी स्थित मातंगी टावर पर शोभायात्रा का विशेष स्वागत किया गया। मुख्य ट्रस्टी हेमेंद्र अग्रवाल द्वारा महाआरती संपन्न कर पुष्पवर्षा की गई, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिरस में सराबोर हो उठा। इसके बाद श्रद्धालुओं ने निशान और कलश अर्पिता किए एवं प्रसादी ग्रहण की।

इससे पूर्व रावत पाड़ा चौराहा पर ओम श्री शिव रुद्राक्ष सेवा समिति ट्रस्ट, भैरों बाजार पर गणगौर मेला समिति गोकुलपुरा आदि आदि संस्थाओं ने सैकड़ो स्थान पर भव्य स्वागत किया।

मंदिर में होंगी प्रतिदिन विभिन्न होली

श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि महोत्सव के अंतर्गत मंदिर परिसर में अद्भुत सेवा श्रृंगार, आकर्षक पोशाक, दिव्य छप्पन भोग एवं मनोहारी फूल बंगला दर्शन की व्यवस्था की गई है। आगामी दिनों में विविध प्रकार की होली एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। बुधवार को मंदिर परिसर में फलों की होली खेली जाएगी।

खाटू मंदिर में हुआ श्याम बाबा का अद्भुत श्रृंगार

जब थाईलैंड के दुर्लभ पुष्पों की सुगंध और बेंगलुरु के मेवा से सजे अलंकरण के मध्य जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में श्याम बाबा विराजे, तो ऐसा प्रतीत हुआ मानो स्वयं रिंगस का दिव्य दरबार साकार हो उठा हो। रंग-बिरंगे फूलों से सजा दरबार, आकर्षक रोशनी की छटा और सुगंधित वातावरण ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आनंद से सराबोर कर दिया। बाबा का मुखमंडल दिव्य आभा बिखेर रहा था और भक्त भाव-विभोर होकर नयन भर दर्शन कर रहे थे।

दस दिवसीय फाल्गुन महोत्सव के दूसरे दिन फूल बंगला सेवा पंकज अग्रवाल, श्रृंगार और पोशाक सेवा अजय गर्ग (आवागढ़), लाइटिंग सेवा कृष्ण देव (ईदगाह) एवं 56 भोग सेवा संदीप द्वारा श्रद्धाभाव से संपन्न की गई।

बाबा के डोले से आगे “सेवा का डोला” चल रहा था, जिसमें श्री श्याम सेवक परिवार द्वारा विशेष सेवाएं प्रदान की गईं। बाबा का डोला अजय गर्ग (अवागढ़) द्वारा सेवित किया गया। दरबार सेवा हेमेंद्र अग्रवाल एवं दीपक गर्ग ने निभाई, प्रसाद सेवा राजू भाई, निशान एवं कलश सेवा रवि शंकर अग्रवाल, इत्र सेवा मुरारी प्रसाद अग्रवाल (ट्रस्टी), गुलाल सेवा पंकज लोहिया एवं पगड़ी सेवा राकेश गर्ग द्वारा की गई।

इस अवसर पर संजय अग्रवाल, विपिन बंसल, विकास गोयल, मुरारी प्रसाद अग्रवाल, गौरव बंसल, अनूप गोयल, अमित गोयल, रिंकेश अग्रवाल, यश अग्रवाल, नवीन गौतम, विकास भारद्वाज, सुनील अग्रवाल, कन्हैयालाल अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल, श्री राम धाकड़, धीरज, सोनू गोयल, अखिल मोहन मित्तल, अजय गोयल, मनीष गोयल, आकाश गुप्ता, मनीष बंसल आदि उपस्थित रहे।

न्यूज़ डेस्क

Go9 न्यूज़ अब व्हाट्सएप पर भी। यूट्यूब और गूगल पर पहले से ही आपकी सेवा में तत्पर। Please follow our whataap channel for news update, Thanks🙏

Follow the Go9News channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VbBYeAzLdQebI8tEHq0m

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *