भक्ति उल्लास के साथ लीला मंचन का भव्य समापन
श्री श्याम सगाई एवं होली उत्सव के साथ श्री कृष्ण लीला रासोत्सव संपन्न
बुधवार को होगा प्रसादी वितरण
आगरा: मंगलवार 24 फरवरी 2026
नवीन गल्ला मंडी परिसर स्थित भव्य पंडाल में श्री श्यामा श्याम भागवत आयोजन समिति द्वारा आयोजित श्री कृष्ण लीला रासोत्सव का समापन मंगलवार को श्री श्याम सगाई लीला के मंगलमय प्रसंग एवं फूलों, लड्डुओं और गुलाल की रंगोत्सव होली के साथ अत्यंत हर्षोल्लास एवं भक्तिभाव से संपन्न हुआ।
इस अवसर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा और पूरा वातावरण “राधे रानी सरकार की जय” के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।
समापन अवसर पर मंच पर श्री श्याम सगाई की मनोहारी झांकी सजाई गई। जैसे ही सगाई का मंगल प्रसंग प्रस्तुत हुआ, श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। इसके पश्चात फूलों की वर्षा, लड्डुओं की होली और गुलाल के साथ भक्ति रंग में सराबोर होली खेली गई। श्रद्धालु झूमते-गाते श्याम नाम में लीन नजर आए। पूरा पंडाल रंग-बिरंगे पुष्पों और गुलाल से सज उठा, मानो ब्रज की फाल्गुनी छटा साकार हो गई हो।
कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भजन — “श्याम तेरी सगाई रच गई” एवं “आज बिरज में होली रे रसिया” पर भक्तों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रकाश एवं ध्वनि संयोजन के साथ सजी झांकियों ने समापन समारोह को अलौकिक बना दिया।स्वरूपों की आरती विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और मेयर हेमलता दिवाकर ने उतारी।
इस अवसर पर समिति अध्यक्ष हरी चंद्र गर्ग ने कहा कि यह रासोत्सव केवल मंचन नहीं, बल्कि संस्कृति, श्रद्धा और सामाजिक समरसता का उत्सव है। वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिनेश चंद्र गोयल ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों एवं कलाकारों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। मंच व्यवस्थापक अनीश अग्रवाल ने बताया कि आगामी वर्ष और भी भव्य स्वरूप में रासोत्सव का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर राजीव गुप्ता, देवेश शाह, जिग्नेश शाह, जयप्रकाश अग्रवाल, शंभू नाथ, राजकुमार, सत्य प्रकाश, विक्रांत गोयल, गोपाल गोयल, मीरा रानी, राधा रानी, रेनू गर्ग, राकेश अग्रवाल, निलेश शाह, राहुल गुप्ता आदि उपस्थित रहे।
न्यूज़ डेस्क




Go9 न्यूज़ अब व्हाट्सएप पर भी। यूट्यूब और गूगल पर पहले से ही आपकी सेवा में तत्पर। Please follow our whataap channel for news update, Thanks🙏
Follow the Go9News channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VbBYeAzLdQebI8tEHq0m






