*इस वर्ष विषम परिस्थितियों से जूझ रहे मणिपुर और जम्मू कश्मीर से भी कलाकारों के दल प्रस्तुतियां देने को आ रहे हैं
*अखिल भारतीय नाट्य एवं नृत्य महोत्सव में 22 से लेकर 26 अक्टूबर तक मिल्टन पब्लिक स्कूल में ‘रंगग्राम’ रहेगा गुलज़ार
आगरा: बुधवार 14 अगस्त, 2026
संस्कार भारती नाट्य केंद्र द्वारा विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी राष्ट्रीय नाट्य एवं नृत्य महोत्सव और प्रतियोगिता ‘रंगोदय’ का आयोजन अवधपुरी कॉलोनी, आगरा स्थित मिल्टन पब्लिक स्कूल के प्रांगण में भव्य वातावरण में किया जा रहा है।
महोत्सव में हिस्सा लेने के लिए देशभर के विभिन्न प्रांतों के सांस्कृतिक दलों के सैकड़ों वरिष्ठ और नौजवान रंगकर्मी, लोक एवं शास्त्रीय नृत्य कलाकार आगरा में पधार रहे हैं। विभिन्न प्रांतों के इन कलाकारों की मौजूदगी और मंचीय प्रस्तुतियां से महोत्सव के दौरान मिल्टन पब्लिक स्कूल में बनाए जा रहे रंगग्राम में लघु भारत की भव्य झांकी दिखाई देगी। देश की चारों दिशाओं की सांस्कृतिक सुगंध से समूचा रंगग्राम महक उठेगा।
महोत्सव के समापन की पूर्व वेला में भव्य रंगयात्रा कलाकारों के दलों द्वारा आगरा के दिल्ली गेट से शहीद स्मारक तक निकाली जाएगी। यह रंगयात्रा आगरा की सड़कों पर सुंदर सांस्कृतिक रंगत बिखेरती चलेगी, साथ ही आम जनमानस को भारत की विविधता में एकता की खूबसूरती के दर्शन भी कराएगी। इसके साथ ही महोत्सव में आयोजित सम्मान समारोह में सांस्कृतिक, साहित्यिक, शैक्षिक और सामाजिक क्षेत्र की विभिन्न शख्शियतों का सम्मान मंच पर किया जायेगा।
महोत्सव के एक पोस्टर का लोकार्पण और महोत्सव की विस्तृत जानकारी देने के लिए एक प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। पोस्टर विमोचन के बाद प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए संस्कार भारती नाट्य केंद्र के अध्यक्ष पंकज सक्सेना ने बताया रंगग्राम और महोत्सव का उदघाटन 22 अक्तूबर को शाम 5 बजे से मिल्टन पब्लिक स्कूल के ज्योति जगदीश प्रेक्षागृह में होगा। इसके बाद शाम 6 बजे से नाटक प्रतियोगिता का उदघाटन होगा। 23 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक स्कूल प्रेक्षागृह में रोजाना सुबह 10 बजे से सांय 4 बजे तक नृत्य प्रतियोगिता होगी। वहीं रोजाना शाम पांच बजे से नाट्य प्रतियोगिताएं होगी। 24 अक्टूबर की रात कैंप फ़ायर होगा जिसमें हास परिहास भरे वातावरण में रातभर कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।
26 अक्टूबर को सुबह 10 बजे दिल्ली गेट से भव्य रंग जुलूस शुरू होगा जो बाग फरजाना, सूरसदन, संजय प्लेस होते हुए शहीद स्मारक पर पहुंच कर संपन्न होगा। इसके बाद शाम को छह बजे से स्कूल प्रेक्षागृह में ही महोत्सव का भव्य समापन समारोह होगा। जिसमें विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता कलाकारों को पुरस्कृत किया जायेगा। इस मौके पर आयोजित सम्मान समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली शख्शियतों का सम्मान किया जाएगा।
संस्कार भारती नाट्य केंद्र के संस्थापक निदेशक और महोत्सव की संकल्पना को साकार करने वाले वरिष्ठ नाट्यशिल्पी केशव प्रसाद सिंह के मार्गदर्शन और कुशल नेतृत्व में इस वर्ष महोत्सव का शानदार आयोजन होने जा रहा है। इसमें मिल्टन पब्लिक स्कूल के सीएमडी और हमारी संस्था के प्रधान संरक्षक डॉ. राहुल राज, प्रधानाचार्य चित्रा राज सहित मिल्टन स्कूल परिवार और संस्था के संरक्षक डॉ. महेश चंद्र धाकड़ का भी हमको विशेष सहयोग मिल रहा है।
*मणिपुर और जम्मू कश्मीर से भी आ रहे हैं कलाकारों के दल*
महोत्सव संयोजक और संस्था के कार्यकारी निदेशक अजय दुबे ने बताया इस महोत्सव का आकर्षण कलाकारों को अपनी तरफ खींच लेता है। इस वर्ष विषम परिस्थितियों से जूझ रहे मणिपुर और जम्मू कश्मीर से भी कलाकारों के दल प्रस्तुतियां देने को आ रहे हैं। इस वर्ष के रंगोदय महोत्सव में भाग लेने के लिए जो नाट्यदल आ रहे हैं, उनमें जम्मू कश्मीर के राजौरी से रंगमंच थियेटर ग्रुप, दिल्ली से ड्रामार्टजी, शिवायु ड्रामेटिक सोसाइटी, मध्यप्रदेश के बैतुल से कोशिश सोशल कल्चरल वेलफेयर सोसाइटी, झारखंड के जमशेदपुर से गीता थिएटर, झारखंड सांस्कृतिक मंच, रमता जोगी प्रोडक्शन, साईं आर्ट एंड कल्चरल सोसाइटी, डाल्टनगंज से सवेरा कला विकास मंच, गिरिडीह से विंज एंटरस्टेनमेंट फिल्म्स, महाराष्ट्र के मुंबई से बीइंग कलाकार, राजस्थान के जयपुर से ताम्हणकर थिएटर एकेडमी, उड़ीसा के राउरकेला से पंचतत्व, छत्तीसगढ़ के भिलाई से सत्य नाट्य एवं नृत्य संस्था, असम के गोहाटी से तक्षशिला, यूपी के झांसी से तरकश लोक कला एवं जन कल्याण समिति, शाहजहांपुर से यूथ थिएटर ग्रुप, कानपुर से नाट्य वस्तु सांस्कृतिक संस्था, वाराणसी से मंचदूतम, बरेली से माधव रंगमंडल, मेरठ से लहर नाट्य मंच और इटावा से एकलव्य रंगमंच के दल भी शामिल हैं।
नृत्य कलाकारों के दलों में महाराष्ट्र के मुंबई से चंद्रकांत पाटकर विद्यालय, मध्यप्रदेश के इंदौर से ध्रुपद डांस एकेडमी, कटनी से रस कला संगीत महाविद्यालय, जबलपुर से नूपुर कथक डांस एकेडमी, मणिपुर के इम्फाल से गुरु अभूंगाल डांस म्यूजिक सेंटर, राजस्थान के अजमेर से नृत्यांगन कथक कला केन्द्र, आसाम के गोहाटी से सुरेंद्र संगीत महाविद्यालय, उड़ीसा के कटक से थिएटर मूवमेंट, यूपी के आजमगढ़ से अनुरोध सांस्कृतिक संस्थान, बिहार के बरियापुर से अंग नाट्यमंच भी हैं।
*रंगोदय के कार्यक्रमों में सुधी दर्शकों का प्रवेश निःशुल्क रहेगा*
सचिव नीता तिवारी ने बताया रंगोदय महोत्सव समूचे भारत के कलाकार जगत को परस्पर परिचय के अलावा एक दूसरे की कलाओं को देखने का सुअवसर भी प्रदान करता आ रहा है। आगरा के कला-संस्कृतिप्रेमियों को इस महोत्सव के विभिन्न कार्यक्रमों का मिल्टन पब्लिक स्कूल आकर आनंद लेना चाहिए ताकि भारत की इन्द्रधनुषी संस्कृति के दर्शन कर सकें। महोत्सव के सभी कार्यक्रमों में सुधी दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क है।
*विभिन्न क्षेत्रों की सुयोग्य शख्सियतों का किया जाएगा सम्मान*
सम्मान समारोह के संयोजक उमा शंकर मिश्रा ने बताया विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी रंगोदय महोत्सव में सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें सांस्कृतिक, साहित्यिक, शैक्षिक, सामाजिक आदि विभिन्न क्षेत्र में अपना उल्लेखनीय योगदान देने वाली सुयोग्य शख्शियतों का मंच पर सम्मान होगा।
*संस्कार भारती नाट्य केंद्र की पूरी टीम तैयारियों में जुटी हुई है*
मीडिया प्रभारी डॉ. महेश धाकड़ ने बताया संस्था के उपाध्यक्ष स्वामी दास अरोरा, संगठन मंत्री प्रमेंद्र पाल सिंह, कोषाध्यक्ष संजय सक्सेना, सह सचिव अंकित कुमार सिंह, स.प्र. अधिकारी राजेश मल्होत्रा, नाट्य निर्देशक चंद्र शेखर, नृत्य निर्देशक डॉ. मनु शर्मा, संगीत निर्देशक डॉ.विभा सिंह, कार्यकारिणी सदस्य संजय चतुर्वेदी, अनीता परिहार, दीपक जैन, वाणी सक्सेना, सदस्य सुधीर कुमार, राजीव सिंघल, संदीप अरोड़ा, व्यवस्थापक विवेकानंद, मिल्टन पब्लिक स्कूल की टीम तैयारियों में जुटी हैं।
विशेष संवाददाता











