Home / स्पोर्ट्स / वुमेंस प्रो वॉलीबॉल लीग में दम दिखाएगी ‘पंजाब शेरनीज़’, आगरा में हुआ टीम का परिचय

वुमेंस प्रो वॉलीबॉल लीग में दम दिखाएगी ‘पंजाब शेरनीज़’, आगरा में हुआ टीम का परिचय

लखनऊ के इकाना इंटरनेशनल स्टेडियम में 11 से 21 नवंबर तक छह टीमों के बीच होंगे 18 मुकाबले

जूही शॉ टीम की आइकन प्लेयर; भारतीय प्रतिभाओं के साथ ईरान की सेतायेश शबानी भी टीम में शामिल

आगरा: रविवार 1 नवम्बर 2026

महिला वॉलीबॉल को प्रोत्साहित करने और खिलाड़ियों को पेशेवर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित ‘वुमेंस प्रो वॉलीबॉल लीग’ के पहले सीजन में ‘पंजाब शेरनीज़’ की टीम प्रतिभाग करेगी। रविवार को होटल भावना क्लार्क्स इन, कैलाशपुरी, सिकंदरा में आयोजित प्रेस वार्ता में टीम प्रबंधन ने फ्रेंचाइज़ी, खिलाड़ियों, कोच एवं सहभागियों की जानकारी देते हुए लीग की रूपरेखा साझा की।

फ्रेंचाइज़ी के सह-स्वामियों में शामिल इन्द्रेश प्रताप सिंह ने लीग के वारे में जानकारी देते हुए कहा कि आईपीएल एवं वुमेंस कबड्डी लीग की तर्ज पर पॉवर स्पाइक इंटरनेशनल द्वारा आयोजित इस लीग में देश के विभिन्न राज्यों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह टीमें खेलेंगी। लीग का आयोजन 11 से 21 नवंबर 2026 तक लखनऊ के इकाना इंटरनेशनल स्टेडियम में होगा। इस दौरान कुल 18 मुकाबले खेले जाएंगे, जिनका सीधा प्रसारण जियो हॉटस्टार पर प्रतिदिन शाम 5:00 बजे से देखा जा सकेगा।

*महिला वॉलीबॉल से खेलप्रेमियों को जोड़ने की पहल*

फ्रेंचाइज़ी के को-ओनर आशु भदौरिया ने कहा कि हमारा उद्देश्य आगरा के खेलप्रेमियों को वुमेंस प्रो वॉलीबॉल लीग से जोड़ना और महिला वॉलीबॉल के प्रति उनकी रुचि एवं सहभागिता बढ़ाना है।

फ्रेंचाइज़ी की को-ओनर एवं सीईओ प्रमुग्धा सोलंकी ने कहा कि यह लीग महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर देगी। हमारा प्रयास है कि अधिक से अधिक बेटियां वॉलीबॉल से जुड़ें और अपनी खेल प्रतिभा को पहचान दें।टीम के मानद सलाहकार सुशील यादव ने कहा कि पंजाब शेरनीज़ युवा प्रतिभाओं, टीम भावना और बेहतर प्रदर्शन के संकल्प के साथ मैदान में उतरेगी। खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ के समन्वय से टीम लीग में अपनी मजबूत पहचान बनाने का प्रयास करेगी।

को-ओनर मधुर लाहोटी ने कहा कि महिला वॉलीबॉल को व्यापक पहचान दिलाने में दर्शकों और खेलप्रेमियों का सहयोग महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी से लीग से जुड़ने और पंजाब शेरनीज़ सहित सभी महिला खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।

*12 खिलाड़ियों के दल में भारतीय और विदेशी प्रतिभाओं का संगम*

पंजाब शेरनीज़ के खिलाड़ी दल में कविता, भूमिका ए.आर., मारिया सेबास्टियन, गोपिका गुणसेकरन, अल्पना तेतरवाल, अल्ना राज, आकांक्षा बनाफर, वेदिका शिंदे, ईशा, पायल बिस्वास, सेतायेश शबानी और अनन्या श्री पुजारी शामिल हैं। जूही शॉ टीम की आइकन प्लेयर के रूप में जुड़ी हैं। कविता और आकांक्षा बनाफर यूनिवर्सल खिलाड़ी हैं। भूमिका ए.आर., वेदिका शिंदे और ईरान की सेतायेश शबानी मिडिल ब्लॉकर की भूमिका निभाएंगी। मारिया सेबास्टियन सेटर तथा अल्ना राज और पायल बिस्वास लिबेरो के रूप में खेलेंगी। गोपिका गुणसेकरन, अल्पना तेतरवाल, ईशा और अनन्या श्री पुजारी काउंटर अटैकर के रूप में टीम का हिस्सा हैं।

टीम प्रबंधन ने खेलप्रेमियों से लीग के मुकाबले देखने और महिला खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।

*खेल जगत में आगरा के नाम जुड़ने जा रही एक और उपलब्धि*

खेल जगत में ताजनगरी आगरा के नाम एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ने जा रही है। गौरतलब है कि आईपीएल एवं प्रो कबड्डी लीग की तर्ज पर आयोजित होने जा रही वुमेंस प्रो वॉलीबॉल लीग में प्रतिभाग करने वाली ‘पंजाब शेरनीज़’ टीम के फ्रेंचाइज़ी को-ओनर्स आगरा से ताल्लुक रखते हैं। ऐसे में राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित खेल प्रतियोगिता से आगरा का जुड़ाव शहर के लिए गौरव का विषय है। यह उपलब्धि न केवल खेल जगत में आगरा की बढ़ती भागीदारी को रेखांकित करती है, बल्कि महिला खेलों को प्रोत्साहन देने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे ताजनगरी की पहचान उद्योग, पर्यटन और संस्कृति के साथ-साथ खेल जगत में भी और सशक्त होगी।

टीम के मुख्य प्रशिक्षक नरेश कुमार, सहायक प्रशिक्षक प्रियंका बोरा और ट्रेनर सुमित छोकर हैं। आइकॉन प्लेयर जूही शॉ ने अपनी पूरी टीम का ऑनलाइन परिचय कराया। इस अवसर पर साइंटिफिक पैथोलॉजी के एमडी डॉ. अशोक शर्मा, कवि पवन आगरी, पंजाब शेरनीज टीम के फ्रेंचाइजी को-ओनर्स इन्द्रेश प्रताप सिंह, आशु भदौरिया, प्रमुग्धा सोलंकी, एवं मधुर लाहोटी के साथ संयुक्त रूप से टीम की आधिकारिक टी-शर्ट एवं लोगो का अनावरण किया। इस दौरान सीए शरद पालीवाल, शनि भदौरिया, सचिन सिकरवार, राज चौधरी, यतेश कुमार सिंह, राजीव शर्मा, दिनेश चौधरी, विपिन रावत, अचिन्त्य शर्मा, अजय शर्मा, ब्रजेश शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे।

विशेष संवाददाता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *