आगरा: बुधवार 17 सितंबर 2025
उत्तर भारत की ऐतिहासिक राम बारात और जनकपुरी की सुरक्षा व्यवस्था की बागडोर संभाल रहे पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने ऐसी सुरक्षा व्यवस्था का रोडमैप तैयार किया है कि अब परिंदा भी पर नहीं मार पाएगा।
इस महत्वपूर्ण आयोजन की सुरक्षा के लिए आठ एसीपी, दस कंपनी पीएसी और सिविल डिफेंस के वालंटियर्स तैनात किए गए हैं। राम बारात मार्ग को चार जोन में बांटा गया है और अस्थाई चौकियां बनाई गई हैं। यातायात पुलिस वाहनों का आवागमन संभालेगी, और एलआईयू टीम सादे कपड़ों में तैनात रहेगी। बरात मार्ग और जनकपुरी क्षेत्र की ड्रोन से वीडियोग्राफी करने के बाद सुरक्षा खाका तैयार किया गया है।

पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने मंगलवार को समूचे क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए पुलिसकर्मियों को जरूरी निर्देश दिए हैं। इस बार आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था के लिए आठ एसीपी को जिम्मेदारी दी गई है। आगरा कमिश्नरेट की पुलिस के साथ दस कंपनी पीएसी तथा सिविल डिफेंस के वालंटियर्स को भी तैनात किया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर अन्य जिलों की पुलिस फोर्स भी लगाई गई है। ये समूचा पुलिस बल पूरे पांच दिनों तक आयोजन की जिम्मेदारी संभालेगा।

पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने बताया कि शहर के मुख्य आयोजन के लिए सभी पुलिससकर्मियों का ड्यूटी चार्ट तैयार किया गया है। राम बरात मार्ग और जनकपुरी क्षेत्र की ड्रोन से निगरानी की जा रही है। मार्ग पर जगह-जगह वॉच टॉवर बनाकर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस और स्मार्ट सिटी के कैमरों के साथ मुख्य स्थानों को चिन्हित कर अतिरिक्त कैमरे लगाए गए हैं।

इस बार आगरा पुलिस के साथ आरएएफ,पीएसी और अन्य जिलों के पुलिसकर्मी पांच दिनों तक आयोजन में मौजूद रहेंगे। सुरक्षा की दृष्टि से अग्निशमन की टीम भी तैयार की गई है।
न्यूज डेस्क







