
केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी होंगे यूपी भाजपा के नए अध्यक्ष
लखनऊ: रविवार 14 दिसंबर 2025
शनिवार को केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने लखनऊ भाजपा कार्यालय में नए प्रदेश अध्यक्ष पद का नामांकन दाखिल किया। चौधरी के अलावा किसी और ने नामांकन नहीं किया। ऐसे में चौधरी का निर्विरोध अध्यक्ष चुना जाना तय है।
भाजपा के 10 नेताओं ने चौधरी के नाम का प्रस्ताव रखा जिनमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों डिप्टी सीएम केशव मौर्य और ब्रजेश पाठक शामिल रहे। आज आधिकारिक तौर पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल नए अध्यक्ष के नाम का ऐलान करेंगे।
कल तक ये कयास लगाए जा रहे थे कि पंकज चौधरी ही यूपी भाजपा के नए अध्यक्ष होंगे या कोई और होगा, चर्चा में कई नाम शामिल थे। भाजपा की केंद्रीय कार्य समिति के बारे में जगजाहिर है कि, अंतिम समय तक यह पता नहीं चलता कि किसका नाम तय होगा चाहे पद कोई भी हो।
इससे पहले यूपी भाजपा अध्यक्ष के नाम पर सस्पेंस बना रहा। सुबह पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति पार्टी दफ्तर पहुंचीं, तो अचानक हलचल तेज हो गई थी, जब उनसे नए अध्यक्ष को लेकर सवाल किया तो वह मुस्कुराने लगीं। बोलीं थोड़ी देर में सब कुछ सामने आ जाएगा।दोपहर केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी दिल्ली से लखनऊ पहुंचे तो सस्पेंस और बढ़ गया। उनसे पूछा तो उन्होंने कहा अभी पार्टी दफ्तर जा रहा हूं, तभी पता चलेगा। हालांकि, कुछ देर बाद मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने इशारों में बिना नाम लिए ही नए प्रदेश अध्यक्ष का खुलासा कर दिया।उन्होंने कहा जो नए अध्यक्ष बनने जा रहे हैं वो 7 बार सांसद रहे हैं, वे अपने समाज में भी लोकप्रिय हैं, उन्होंने पार्टी में अहम जिम्मेदारियां निभाई है। स्वतंत्र देव का स्पष्ट इशारा पंकज चौधरी की तरफ था।
चौधरी ओबीसी की कुर्मी बिरादरी से आते हैं, और गोरखपुर से हैं। वह गोरखपुर की महाराजगंज सीट से 7 बार सांसद रह चुके हैं। पंकज चौधरी ने अपनी राजनीतिक पारी पार्षद से शुरू की थी, बाद में गोरखपुर के डिप्टी मेयर रहे। 1991 में पहली बार सांसद बने।
यूपी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति 15 जनवरी 2025 को होनी थी, लेकिन तीन प्रदेशों में चुनाव को लेकर यह फैसला टलता रहा। 2024 के लोकसभा चुनाव में कुर्मी जाति का काफी वोट सपा की ओर चला गया था, अब 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी के लिए भाजपा ने नई रणनीति के तहत पंकज चौधरी को संगठन की कमान सौंपी है। भाजपा अब नहीं चाहती कि कुर्मी वोट बंटे।
उ प्र भाजपा में इससे पहले तीन बार कुर्मी अध्यक्ष रह चुके हैं, विनय कटियार, स्वतंत्र देव सिंह और ओम प्रकाश सिंह। भाजपा के चौथे प्रदेश अध्यक्ष होंगे पंकज चौधरी जो कुर्मी जाति से हैं। राहत रूह तेल कंपनी के मालिक पंकज चौधरी का गोरखपुर में अच्छा प्रभाव है, लेकिन प्रदेश के संगठन में कितने सफल होंगे ये समय बताएगा। भाजपा ने उ प्र के 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दाव खेला है।
चुनाव डेस्क










