आगरा: शनिवार 17 जनवरी 2026
उत्तर प्रदेश बार काउंसिल चुनाव 2025-26 की प्रक्रिया आगरा सहित 22 जनपदों में आज सम्पन्न हो गई। इन जनपदों में 16 और 17 जनवरी को मतदान होना था जो शांति पूर्वक आज सम्पन्न हो गया। दीवानी न्यायालय परिसर में कुछ देर के लिए अफरा तफरी का माहौल हो गया जब सपा राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन के विरोध में मुर्दाबाद के नारे लगने लगे।

रामजीलाल सुमन पंजीकृत अधिवक्ता के रूप में अपना मतदान करने दीवानी पहुंचे, तब पूर्व में उनके द्वारा राणा सांगा पर दिए गए बयान को लेकर कुछ युवा अधिवक्ताओं ने उनका तीखा विरोध किया और नारे लगाने लगे। किसी तरह से पुलिस ने अपनी अभिरक्षा घेरे में लेकर उन्हें परिसर से बाहर निकाला।

दीवानी परिसर में सुरक्षा की कमान पुलिस और एस.एस.एफ (SSF) के हाथों में रही। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाकर्मी तैनात रहे। समूचे उत्तर प्रदेश में चार चरणों में सम्पन्न होने वाले उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के 25 पदों लिए 333 प्रत्याशी मैदान में हैं। दो लाख 49 हजार 808 मतदाता प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। बार काउंसिल के चुनाव का सिलसिला आरंभ हो गया है।

वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेन्द्र लाखन का कहना है कि उन्होंने पूर्व में यह घोषणा की थी कि आगरा के मतदाता वरीयता क्रम में आगरा के प्रत्याशियों को ही वोट दें, और यही हुआ, आगरा के मतदाताओं ने वरीयताक्रम में आगरा के सभी 11 प्रत्याशियों को अपना वोट दिया, निश्चित तौर पर आगरा से दो प्रत्याशी जीत कर आयेंगे, क्यों कि उनकी जरूरत पर, उनकी समस्याओं का निराकरण वो ही कर सकते हैं बाहर का प्रत्याशी नहीं कर पाएगा।
प्रथम चरण के मतदान में आगरा सहित 22 जनपदों में कल और आज मतदान हुआ।जनपद आगरा में कुल 4,686 पंजीकृत अधिवक्ता मतदाता हैं, कल पहले दिन 1,598 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।

आज 3088 मतदाताओं को मतदान करना था, सुबह 10 बजे से मतदाताओं को लंबी कतारें शुरू हो गईं, शाम ढलते ढलते यह सिलसिला कम होता गया। सायं चार बजे तक प्रत्याशियों के समर्थक ही परिसर में नजर आ रहे थे, इक्का दुक्का मतदाता जिन्हें समर्थक ढूंढ ढूंढकर ला रहे थे, समय समाप्ति के सायं 5 बजे तक आज लगभग 2000 मत ही पड़े।

दोनों दिन कुल मिलकर 3598 मतदाताओं ने मतदान किया। मत प्रतिशत लगभग 76.78% रहा जो संतोषजनक कहा जा सकता है।
अगले तीन चरणों में होने वाले चुनाव की अधिकृत सूची निम्नवत है:

विशेष संवाददाता










