आगरा: शुक्रवार 6 मार्च 2026
शमसाबाद रोड स्थित ग्राम दिगनेर में गुरुवार को पारंपरिक उत्साह और उल्लास के साथ ऐतिहासिक लठमार होली खेली गई। बरसाने की तर्ज पर आयोजित इस अनोखी होली को देखने के लिए क्षेत्र के आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग दिगनेर पहुंचे। ढोल-नगाड़ों की थाप, उड़ते अबीर-गुलाल और लाठियों की खनक के बीच पूरा गांव होली के रंग में सराबोर नजर आया।

लठमार होली की शुरुआत संजय कुशवाह के आवास से निकली शोभायात्रा के साथ हुई। शोभायात्रा शनि देव मंदिर, मेन बाजार, मेन रोड, परिक्रमा मार्ग और हनुमान मंदिर होते हुए पुनः बाजार क्षेत्र में पहुंची। पूरे मार्ग में ग्रामीणों ने फूलों की वर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने होली के गीतों और नृत्य के साथ माहौल को और भी उल्लासमय बना दिया।

इसके बाद महिलाओं ने पारंपरिक अंदाज में अपने पतियों के साथ लठमार होली खेली। महिलाओं ने लाठियां बरसाईं तो पुरुषों ने ढाल लगाकर उनका बचाव किया। यह दृश्य देखकर लोगों को बरसाने की प्रसिद्ध लठमार होली की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम के दौरान गलियों में जमकर अबीर-गुलाल उड़ा और लोग होली के रंग में सराबोर होकर झूमते नजर आए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मनकामेश्वर मंदिर के महंत हरिहर पुरी जी महाराज और योगेश पुरी जी उपस्थित रहे। उन्होंने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देते हुए कहा कि ऐसे पारंपरिक आयोजन हमारी संस्कृति और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं।
आयोजन को सफल बनाने के लिए ग्रामीणों ने सुरक्षा, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए थे। देर शाम तक गांव में होली के गीतों और रंगों का उत्सव चलता रहा।
न्यूज़ डेस्क









