Home / व्यापार / नगर निगम की नई टैक्स नीति पर भड़का सर्राफा बाजार, एकजुट होकर विरोध”…….. अन्य व्यापारियों पर फिक्स टैक्स, सर्राफा पर टर्नओवर आधारित कर से बढ़ा असंतोष

नगर निगम की नई टैक्स नीति पर भड़का सर्राफा बाजार, एकजुट होकर विरोध”…….. अन्य व्यापारियों पर फिक्स टैक्स, सर्राफा पर टर्नओवर आधारित कर से बढ़ा असंतोष

₹4,000 से ₹50,000 तक के टैक्स ने व्यापारियों की बढ़ाई चिंता,

एकजुट होकर विरोध की रणनीति, आंदोलन की चेतावनी

आगरा: रविवार 5 अप्रैल 2026

नगर निगम द्वारा सर्राफा व्यवसायियों पर लगाए गए टर्नओवर आधारित ट्रेड टैक्स के विरोध में एमजी रोड स्थित होटल मोती प्लाजा में आयोजित बैठक में शहर के सर्राफा व्यापारियों ने एकजुट होकर कड़ा विरोध दर्ज कराया। बैठक में विभिन्न सर्राफा एवं ज्वेलर्स संगठनों के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में व्यापारियों ने भाग लेकर इस नीति को भेदभावपूर्ण और अव्यवहारिक बताया।

बैठक में सभी पदाधिकारियों ने कहा कि जहां अन्य व्यवसायों पर ट्रेड टैक्स फिक्स दर पर लागू किया गया है, वहीं सर्राफा व्यापारियों पर ₹4,000 से ₹50,000 तक का टैक्स टर्न ओवर के आधार पर लगाया गया है, जो पूरी तरह असमान और अन्यायपूर्ण है।

इस निर्णय से छोटे और मध्यम व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ेगा, जिससे व्यापार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।बैठक के दौरान सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस मुद्दे को लेकर नगर निगम प्रशासन से वार्ता की जाएगी और यदि आवश्यक हुआ तो आंदोलन की रूपरेखा भी तैयार की जाएगी।

बैठक में इस विषय पर भी गंभीर चर्चा हुई कि नगर निगम द्वारा 16 दिसम्बर 1997 के आदेश (उत्तर प्रदेश नगर निगम अधिनियम, 1959 के अंतर्गत) का हवाला देते हुए वर्तमान में शुल्क वृद्धि लागू की जा रही है। इस संबंध में आगरा सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष नितेश अग्रवाल ने कहा कि नगर निगम द्वारा 1997 के जिस आदेश का आधार लिया जा रहा है, उस समय जीएसटी जैसी कोई कर प्रणाली अस्तित्व में नहीं थी।

वर्तमान में कर ढांचा पूरी तरह बदल चुका है, ऐसे में पुराने आदेशों के आधार पर नई और बढ़ी हुई कर दरें लागू करना न्यायसंगत नहीं है। यह निर्णय छोटे और मध्यम व्यापारियों पर अतिरिक्त बोझ डालने वाला है, जिसे स्वीकार नहीं किया जा सकता।उन्होंने आगे कहा कि प्रशासन को वर्तमान जीएसटी व्यवस्था और व्यापारिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए ही कोई भी निर्णय लेना चाहिए तथा सभी व्यापारियों के लिए समान कर प्रणाली लागू की जानी चाहिए।

बैठक में आगरा सर्राफा एसोसिएशन के महामंत्री अशोक अग्रवाल, स्वर्णकार व्यवसायिक समिति के अध्यक्ष धीरज वर्मा, श्री सर्राफा कमेटी के महामंत्री देवेंद्र गोयल, राष्ट्रीय स्वर्णकार व्यवसायी संगठन के अध्यक्ष आलोक वर्मा, महात्मा गांधी मार्ग ज्वेलर्स एसोसिएशन के मधुकर कक्कड़, दयालबाग समिति से अरविंद सहगल एवं कारगिल सर्राफा कमेटी के केके त्यागी, स्वर्णकार सराफा एसोसिएशन अध्यक्ष उमेश कुमार वर्मा, अरविन्द कुमार, मयंक वर्मा, शिवम वर्मा आदि व्यापारी उपस्थित रहे।

न्यूज़ डेस्क

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *