Home / शिक्षा / उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रवक्ता संवर्ग की लिखित परीक्षा प्रदेश के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों पर सकुशल हुई सम्पन्न

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रवक्ता संवर्ग की लिखित परीक्षा प्रदेश के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों पर सकुशल हुई सम्पन्न

प्रयागराज: रविवार 10 मई 2026

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित विज्ञापन संख्या 02/2022 प्रवक्ता संवर्ग की लिखित परीक्षा दिनांक 10 मई, 2026 को प्रदेश के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों पर सकुशल सम्पन्न करायी गयी। परीक्षा दो-दो पालियों में आयोजित हुई।

प्रथम पाली में नागरिक शास्त्र, गणित, अर्थशास्त्र, संस्कृत एवं मनोविज्ञान विषयों की परीक्षा तथा द्वितीय पाली में रसायन विज्ञान, भूगोल, हिन्दी एवं कला विषयों की परीक्षा सम्पन्न हुई।

प्रथम पाली की परीक्षा प्रातः 09:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा अपराह्न 02:30 बजे से 04:30 बजे तक आयोजित की गयी।

परीक्षा का संचालन आयोग द्वारा निर्धारित परीक्षा केन्द्रों पर पारदर्शी, नकलविहीन एवं सुव्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न कराया गया। परीक्षा के दौरान आयोग में स्थापित AI Integrated Control Command Room से सभी परीक्षा केन्द्रों की सतत निगरानी की गयी।

आयोग के अध्यक्ष डॉ० प्रशान्त कुमार, सदस्यगण, सचिव, परीक्षा नियंत्रक एवं उपसचिव की उपस्थिति में परीक्षा केन्द्रों पर लगे AI कैमरों के माध्यम से परीक्षार्थियों की गतिविधियों पर निरंतर दृष्टि रखी गयी।

आयोग द्वारा पारदर्शिता एवं तकनीकी नवाचार के उद्देश्य से Pilot Project के अंतर्गत लखनऊ जनपद के चयनित परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा समाप्ति के तत्काल बाद परीक्षार्थियों द्वारा प्रयुक्त OMR उत्तर पत्रकों की स्कैनिंग परीक्षा कक्ष में ही करायी गयी। स्कैनिंग प्रक्रिया अभ्यर्थियों की उपस्थिति में सम्पन्न हुई तथा स्कैन डाटा को तत्काल सुरक्षित करने की कार्यवाही भी सुनिश्चित की गयी। उक्त सम्पूर्ण प्रक्रिया की निगरानी आयोग में स्थापित Al Integrated Control Command Room से की गयी।

दिनांक 09 मई, 2026 की लिखित परीक्षा में कुल 89766 (38.04 प्रतिशत) परीक्षार्थी उपस्थित रहे जिनमें महिला परीक्षार्थियों का प्रतिशत 34.89 एवं पुरूष परीक्षार्थियों का प्रतिशत 42.26 तथा दिनांक 10 मई, 2026 की लिखित परीक्षा में कुल 103168 (45.12 प्रतिशत) परीक्षार्थी उपस्थित रहे जिनमें महिला परीक्षार्थियों का प्रतिशत 41.92 एवं पुरूष परीक्षार्थियों का प्रतिशत 48.08 रहा।

इस प्रकार दिनांक 09 व 10 मई, 2026 की लिखित परीक्षा में कुल 192934 (41.53 प्रतिशत) परीक्षार्थी उपस्थित रहे।उक्त परीक्षा के सफल संचालन में सम्बन्धित जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन का सक्रिय सहयोग प्राप्त हुआ। आयोग द्वारा सभी अभ्यर्थियों, केन्द्र व्यवस्थापकों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया है।

विशेष संवाददाता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *