आगरा: बुधवार 18 मार्च 2026
चाणक्य सेवा समिति (चाणक्य सेना) ने जिलाधिकारी आगरा को उत्तर प्रदेश पुलिस में सब इंस्पैक्टर की भर्ती प्रक्रिया में लिखित प्रश्न पत्र में पंडित शब्द का प्रयोग किए जाने का विरोध करते हुए ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन की प्रतिलिपि महामहिम राज्यपाल उ प्र, मुख्य मंत्री योगी आदित्यनाथ तथा पुलिस महानिदेशक उ प्र उत्तर प्रदेश को अग्रसारित करते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की मांग की है।

चाणक्य सेवा समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि पुलिस में सब इंस्पैक्टर की भर्ती प्रक्रिया में लिखित प्रश्न पत्र में प्रश्न नम्बर 3 में पूछे गये एक सवाल में ब्राहमण समाज के प्रति आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया जो सर्वथा गलत है।
प्रश्न पत्र में प्रश्न-3- अवसर के अनुसार बदल जाने वाला इन वाक्यांश में से इसका चयन कर उत्तर दें। 1- पंडित 2 अवसरवादी 3 निष्पक्ष 4 सदाचारी

समस्त ब्राहमण समाज यह प्रश्न करता है कि प्रश्न पत्र लिखने वाले व्यक्ति को ब्राहमण समाज का नाम लिखकर अपमानित करने का अधिकार किसने दिया।राष्ट्र एवं समाज के प्रति ब्राहमण समाज की निष्ठा तथा ईमानदारी पर प्रश्न चिन्ह क्यों लगाया गया।
ब्राहमण समाज यह मांग करता है कि इस प्रश्न पत्र को बनाने वाले संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से उनके पद से निलम्बित करते हुए उनके विरूद्ध मुकदमा दर्ज कराते हुए गिरफ्तार किया जाये तथा कठोरतम कार्यवाही की जाय ताकि भविष्य में इस तरह की ब्राहमण समाज की ही नहीं, अपितु किसी भी समाज के प्रति इसकी पुनरावृत्ति ना हो।

ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने वालों में शेलेन्द्र शर्मा, भुवनेश चन्द मिश्रा, अभय दीक्षित, जितेंद्र शर्मा, अमित वशिष्ठ, कुलदीप शर्मा, हरीशंकर शुक्ला, प्रवेंद्र पण्डित, श्याम सुंदर शर्मा, रवीश कटारा, सतेंद्र लवानिया, कैलाश नारायण मिश्रडॉ राजेश शर्मा यतीश लवानिया देवेंद्र उपाध्याय पवन शर्मा, राहुल चतुर्वेदी, शामिल थे।
रिपोर्ट- राज कुमार श्रीवास्तव









