Home / राज्‍य / बेलनगंज में बंद पड़े घर से लाखों की नकदी और जेवरात चोरी, बेटी के इलाज में व्यस्त था परिवार

बेलनगंज में बंद पड़े घर से लाखों की नकदी और जेवरात चोरी, बेटी के इलाज में व्यस्त था परिवार

आगरा: 20 जून 2026

थाना छत्ता क्षेत्र की घनी आबादी वाले क्षेत्र बेलनगंज में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये की नकदी और जेवरात चोरी कर लिए। मकान मालिक का पूरा परिवार अपनी बीमार बेटी के इलाज के लिए अस्पताल में था। सुबह घर लौटने पर परिजनों को चोरी का पता चला।

खबरों के अनुसार बेलनगंज निवासी शशांक अग्रवाल की बेटी पिछले कुछ दिनों से बीमार है और उसका अस्पताल में उपचार चल रहा है। बेटी की देखभाल के लिए परिवार के सभी सदस्य अस्पताल में थे, जिसके चलते मकान बंद पड़ा था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया।

घर के अंदर अलमारियां और सामान अस्त-व्यस्त हालत में मिला। आशंका है कि घर के पास निर्माणाधीन बिल्डिंग में काम करने वाले किसी मजदूर को मकान के बंद होने की जानकारी थी। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि चोरी वाला घर मुख्य चौराहे से बेहद कम दूरी पर स्थित है। रात के समय पुलिस गश्त के बावजूद चोरों का बेखौफ होकर लाखों रुपये की चोरी कर ले जाना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। थाना छत्ता पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

संवाददाता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *