Home / शिक्षा / *NEET-2026 के लिए आगरा मंडल तैयार, हेल्पडेस्क, होल्डिंग एरिया एवं विशेष ड्यूटी की व्यवस्था

*NEET-2026 के लिए आगरा मंडल तैयार, हेल्पडेस्क, होल्डिंग एरिया एवं विशेष ड्यूटी की व्यवस्था

आगरा: रविवार 21 जून 2026

21 जून 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET)-2026 के दौरान संभावित अतिरिक्त यात्री भीड़ को ध्यान में रखते हुए आगरा मंडल द्वारा आगरा कैंट, मथुरा जंक्शन, आगरा ईदगाह, कोसीकलां एवं धौलपुर स्टेशनों पर विशेष भीड़ प्रबंधन एवं यात्री सुविधा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

मंडल रेल प्रबंधक, आगरा श्री गगन गोयल के निर्देशानुसार 20 जून 2026 की रात्रि 22:00 बजे से 21 जून 2026 की रात्रि 22:00 बजे तक वरिष्ठ अधिकारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। विभिन्न स्टेशनों पर नामित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भीड़ नियंत्रण, यात्री सुविधाओं की निगरानी तथा संचालन व्यवस्था सुचारु बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

परीक्षार्थियों एवं उनके अभिभावकों की सुविधा के लिए आगरा कैंट एवं मथुरा जंक्शन स्टेशनों पर विशेष होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। साथ ही यात्रियों को आवश्यक सहायता एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने हेतु हेल्पडेस्क/सहायता बूथ स्थापित किए गए है, जहां रेल सुरक्षा बल और वाणिज्य विभाग के कर्मचारी निरंतर सहायता प्रदान करेंगे।

यात्रियों की सुविधा के लिए आगरा कैंट एवं मथुरा जंक्शन स्टेशनों पर रेलवे चिकित्सकों की 24 घंटे उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। इसके अतिरिक्त पेयजल, कोच वाटरिंग, स्वच्छता, वाटर कूलर, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, पंखों एवं प्रकाश व्यवस्था की सतत निगरानी की जाएगी।

टिकट काउंटरों की पर्याप्त उपलब्धता, ट्रेनों एवं प्लेटफार्मों से संबंधित नियमित उद्घोषणाएं तथा एटीवीएम एवं अन्य टिकटिंग मशीनों के सुचारु संचालन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए चयनित लेवल क्रॉसिंग गेटों एवं प्रमुख स्टेशनों पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के कर्मचारियों की विशेष तैनाती की गई है। साथ ही स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है।

आगरा मंडल द्वारा सभी संबंधित विभागों को समन्वित रूप से कार्य करते हुए नीट परीक्षा के अभ्यर्थियों एवं अन्य यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

सिटी रिपोर्टर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *