Home / व्यापार / ₹21,000 करोड़ के कारोबारी अवसरों की नींव रख गया ‘मीट एट आगरा’

₹21,000 करोड़ के कारोबारी अवसरों की नींव रख गया ‘मीट एट आगरा’

*तीन दिनों में 21,147 विजिटर्स पहुंचे, चार श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शकों का सम्मान*

आगरा: 6 अक्तूबर 2026

नई तकनीक, कारोबारी संपर्कों और वैश्विक साझेदारी की संभावनाओं के साथ 18वें ‘मीट एट आगरा’ का सोमवार को समापन हुआ। आगरा ट्रेड सेंटर, सींगना में तीन दिनों तक चले फुटवियर ट्रेड फेयर में 21,147 विजिटर्स ने सहभागिता की। आयोजकों के आकलन के अनुसार, फेयर ने लगभग ₹21,000 करोड़ के संभावित कारोबारी अवसरों की आधारशिला तैयार की।

फुटवियर मैन्युफैक्चरर्स एंड एक्सपोर्टर्स चैम्बर (एफमेक) के इस आयोजन में 10,115 पंजीकृत बिजनेस विजिटर्स और 1,940 विद्यार्थी एवं भावी उद्यमी पहुंचे। कुल 224 स्टॉल्स पर फुटवियर कंपोनेंट्स, मटेरियल्स, मशीनरी और औद्योगिक सहयोग सेवाओं का प्रदर्शन किया गया। उद्यमियों ने उत्पादन की जरूरतों के अनुरूप तकनीक और उत्पादों की जानकारी लेने के साथ नए व्यावसायिक संपर्क स्थापित किए।

*अंतिम दिन पहुंचे 8,810 विजिटर्स*

फेयर के अंतिम दिन 8,810 विजिटर्स पहुंचे, जिनमें 4,428 पंजीकृत बिजनेस विजिटर्स और 927 विद्यार्थी एवं भावी उद्यमी शामिल रहे। विभिन्न स्टॉल्स पर उत्पादों की तकनीकी विशेषताओं, गुणवत्ता, सोर्सिंग और आपूर्ति को लेकर चर्चा हुई। प्रदर्शकों और खरीदारों के बीच भविष्य के कारोबारी सहयोग की संभावनाओं पर संवाद जारी रहा।

*पिछले संस्करण से बढ़ी कारोबारी सहभागिता*

वर्ष 2025 में कुल 19,420 विजिटर्स और 8,390 पंजीकृत बिजनेस विजिटर्स पहुंचे थे। इस वर्ष ये संख्याएं बढ़कर क्रमशः 21,147 और 10,115 रहीं। संभावित कारोबार का आकलन भी पिछले वर्ष के ₹18,500 करोड़ से बढ़कर ₹21,000 करोड़ रहा।

*तकनीक और गुणवत्ता से मजबूत होगी प्रतिस्पर्धा*

एफमेक अध्यक्ष गोपाल गुप्ता ने कहा कि फेयर ने निर्माताओं को नई तकनीक और बाजार की बदलती जरूरतों से जोड़ने का अवसर दिया। यहां बने व्यावसायिक संपर्क आगे नई साझेदारी और कारोबार का आधार बनेंगे।

एफमेक के पूर्व अध्यक्ष कैप्टन एएस राणा ने कहा कि वैश्विक बाजार में स्थिति मजबूत करने के लिए उद्योग को गुणवत्ता, डिजाइन और उत्पादकता पर निरंतर काम करना होगा। फेयर में विकसित संपर्कों को ठोस कारोबारी परिणामों में बदलना महत्वपूर्ण है।

उपाध्यक्ष राजीव वासन ने मशीनरी और मटेरियल्स के प्रदर्शन को उत्पादन प्रक्रिया बेहतर बनाने में उपयोगी बताया। उपाध्यक्ष राजेश सहगल ने कहा कि निर्माताओं और आपूर्तिकर्ताओं के सीधे संवाद से गुणवत्ता तथा आपूर्ति संबंधी जरूरतों को समझने में मदद मिली।

महासचिव प्रदीप वासन ने आयोजन में बने व्यावसायिक संपर्कों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

*चाइना पवेलियन में दिखी कारोबारी रुचि*

हॉल बी स्थित चाइना पवेलियन में उद्यमियों ने चीनी प्रदर्शकों से कंपोनेंट्स, मटेरियल्स और मशीनरी की जानकारी ली। विभिन्न स्टॉल्स पर उपलब्ध तकनीकी समाधानों ने निर्माताओं को अपनी उत्पादन आवश्यकताओं के अनुरूप विकल्प तलाशने का अवसर दिया। विद्यार्थियों और भावी उद्यमियों को फुटवियर निर्माण, डिजाइन तथा उद्योग में उपलब्ध अवसरों का व्यावहारिक परिचय मिला।

*पांच श्रेणियों में सात उत्कृष्ट प्रदर्शकों का सम्मान*

18वें ‘मीट एट आगरा’ के समापन समारोह में उत्पादों, नवाचार और स्टॉल प्रस्तुति के लिए पांच श्रेणियों में सात प्रदर्शकों को सम्मानित किया गया। बेस्ट पॉलिमर्स एंड केमिकल्स का सम्मान केएलजे पॉलिमर्स एंड केमिकल्स के सौरभ गुप्ता एवं विनय गुप्ता को, बेस्ट लेदर प्रोडक्ट्स का सम्मान बसंत एंटरप्रेन्योर प्रा. लि. के प्रणव मित्तल को और बेस्ट मशीनरी स्टॉल का सम्मान पायनियर टेक स्टेप लिंकर्स के कपिल धवन को मिला।

बेस्ट इनोवेटिव प्रोडक्ट श्रेणी में संदीप रबर (आई) इंडस्ट्रीज के संजय गुप्ता और नवकार टेकटेक्स प्रा. लि. के श्रेयांश बोथरा को सम्मानित किया गया। वहीं बेस्ट एग्जिबिटर अवार्ड स्टक केमिकल्स प्रा. लि. (स्टक ऑन ग्रुप) के शैलेश पाठक तथा श्रॉफ सेल्स कॉरपोरेशन (श्रॉफ ग्रुप) के निमित श्रॉफ एवं सौरभ श्रॉफ को प्रदान किया गया।

तीन दिनों के प्रमुख आंकड़े

कुल स्टॉल्स: 224

संभावित कारोबार: ₹21,000 करोड़*

2, 3 और 4 अक्टूबर 2027 को होगा ‘मीट एट आगरा’*

18वें ‘मीट एट आगरा’ के समापन अवसर पर एफमेक ने इसके 19वें संस्करण की तारीखों की भी घोषणा कर दी। ‘मीट एट आगरा 2027’ का आयोजन 2, 3 और 4 अक्टूबर 2027 को आगरा ट्रेड सेंटर, सींगना में होगा। अगले संस्करण को और अधिक भव्य एवं अंतरराष्ट्रीय स्वरूप देने की तैयारी की जाएगी। इस वर्ष चीन से आठ एग्जिबिटर्स ने प्रदर्शनी में भागीदारी की। चीनी एग्जिबिटर्स ने आयोजन के अनुभव को उत्साहजनक बताते हुए अगले वर्ष और बड़ी संख्या में भागीदारी की इच्छा जताई।

एफमेक अध्यक्ष गोपाल गुप्ता ने कहा कि 2027 के संस्करण में चीन के साथ-साथ अन्य देशों से भी एग्जिबिटर्स और उद्योग प्रतिनिधियों की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे, जिससे ‘मीट एट आगरा’ को और व्यापक वैश्विक मंच प्रदान किया जा सके।

इस अवसर पर फेयर ऑर्गनाइजिंग कमेटी की चेयरमैन माला खेड़ा, सचिव अनिरुद्ध तिवारी, कोषाध्यक्ष चंद्र मोहन सचदेवा, सीफी के प्रदेश अध्यक्ष ओपिंदर लवली, महासचिव नकुल मनचंदा आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

व्यवस्थाएं एफमेक के संकल्प अग्रवाल, सीसीएलए के अजय शर्मा, बृजेश शर्मा, मुनेंद्र सिंह ने जिम्मेदारी संभाली।

आगरा के निर्यातकों और निर्माताओं को चीनी एग्जिबिटर्स से सीधे संवाद और सोर्सिंग का अवसर दिया। इससे बिचौलियों की अतिरिक्त लागत कम होने तथा प्रतिस्पर्धी दरों पर कंपोनेंट्स, मटेरियल्स और मशीनरी मिलने से स्थानीय निर्माताओं को वैश्विक बाजार में बेहतर कीमतों पर अपने उत्पाद बेचने में मदद मिलेगी।

– गोपाल गुप्ता, अध्यक्ष, एफमेक

‘मीट एट आगरा’ में बढ़ती कारोबारी सहभागिता उद्योग के विश्वास और इस मंच की उपयोगिता को दर्शाती है। वर्ष 2027 में अधिक देशों की भागीदारी सुनिश्चित कर इसे और व्यापक अंतरराष्ट्रीय स्वरूप देने का प्रयास करेंगे।- कैप्टन ए.एस. राणा, पूर्व अध्यक्ष, एफमेकनिर्माताओं और आपूर्तिकर्ताओं के सीधे संवाद से उद्योग की जरूरतों को बेहतर ढंग से समझने का अवसर मिला। यहां विकसित संपर्क भविष्य में विश्वसनीय आपूर्ति और दीर्घकालिक साझेदारी का आधार बनेंगे।

– राजेश सहगल, उपाध्यक्ष, एफमेक

तीन दिनों में 10,115 पंजीकृत बिजनेस विजिटर्स की सहभागिता आयोजन की कारोबारी उपयोगिता को स्पष्ट करती है। हमारा प्रयास रहेगा कि यहां शुरू हुए संवाद आगे व्यावसायिक सहयोग और नए अवसरों में बदलें।

– माला खेड़ा, चेयरपर्सन, फेयर ऑर्गनाइजिंग कमेटी

प्रदर्शकों, सहयोगियों और आयोजन टीम के समन्वय से तीन दिवसीय फेयर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रतिभागियों के अनुभव और सुझाव अगले संस्करण की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने में मार्गदर्शन देंगे।

– प्रदीप वासन, महासचिव, एफमेक

‘मीट एट आगरा’ ने उद्यमियों को तकनीक, उत्पादों और बाजार की जरूरतों को एक साथ समझने का अवसर दिया। विद्यार्थियों और भावी उद्यमियों की सहभागिता भी उद्योग के भविष्य के लिए उत्साहजनक रही।

– अनिरुद्ध तिवारी, सचिव, एफमेक

रिपोर्ट- विशेष संवाददाता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *