Home / लाइफस्टाइल / अमर शहीद भगत सिंह की पुण्यतिथि पर उमड़ा देशभक्ति का जज्बा, नूरी दरवाजा स्थित स्मारक पर दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

अमर शहीद भगत सिंह की पुण्यतिथि पर उमड़ा देशभक्ति का जज्बा, नूरी दरवाजा स्थित स्मारक पर दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

आगरा: मंगलवार 24 मार्च 2026

अमर शहीद भगत सिंह की पुण्यतिथि के अवसर पर शहीद दिवस को श्रद्धा एवं आदर के साथ मनाते हुए आगरा व्यापार मंडल एवं शहीद भगत सिंह पेठा कुटीर संगठन द्वारा संयुक्त रूप से नूरी दरवाजा स्थित शहीद भगत सिंह स्मारक पर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए गए। कार्यक्रम में देशभक्ति और क्रांतिकारी विचारों की गूंज सुनाई दी।

कार्यक्रम में आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल एवं शहीद भगत सिंह पेठा कुटीर एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। उपस्थित जनसमूह ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों के बलिदान को याद किया।

इस अवसर पर टीएन अग्रवाल ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि भगत सिंह केवल एक नाम नहीं, बल्कि एक विचारधारा हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे उनके आदर्शों—देशप्रेम, निडरता और त्याग को अपने जीवन में उतारें और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।

राजेश अग्रवाल ने आगरा से शहीद भगत सिंह के ऐतिहासिक संबंध का उल्लेख करते हुए बताया कि नूरी दरवाजा क्षेत्र का विशेष महत्व रहा है। क्रांतिकारी गतिविधियों के दौरान भगत सिंह ने यहां रहकर अपनी योजनाओं को आकार दिया था। उन्होंने कहा कि यह स्थल न केवल आगरा, बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणा का केंद्र है और इसे संरक्षित एवं विकसित किया जाना चाहिए।

कार्यक्रम में कन्हैया लाल राठौर, राकेश बंसल, देवेंद्र अग्रवाल, साहूकार सिंह चाहर, दिनेश चंद्र शर्मा, अंशुल बंसल, नवीन, हरफूल बघेल, गिरीश आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

न्यूज़ डेस्क

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *