Home / लाइफस्टाइल / “नाव चलत श्री यमुना तट, संग सखीजन सुखदाई”, गंगा दशहरा नौका विहार उत्सव में उमड़ा श्रद्धा का सागर

“नाव चलत श्री यमुना तट, संग सखीजन सुखदाई”, गंगा दशहरा नौका विहार उत्सव में उमड़ा श्रद्धा का सागर

पुष्टिमार्गीय पदों से गुंजायमान हुआ श्री प्रेमानिधि मंदिर परिसर

आगरा:मंगलवार 2 मई 2026

नाई की मंडी स्थित श्री प्रेमानिधि मंदिर में चल रहे श्री पुरुषोत्तम (अधिकमास) मनोरथ उत्सव के अंतर्गत सोमवार को गंगा दशहरा ‘नौका विहार उत्सव’ श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ठाकुर श्री श्याम बिहारी (श्री बड़े गोविन्द) जी महाराज को सुसज्जित नौका में विराजमान कर नौका विहार का मनोरम स्वरूप सजाया गया, जिसके दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

मंदिर को श्वेत पुष्पों के भव्य बंगले से सजाया गया था।पुष्टिमार्गीय परंपरा के अनुरूप ठाकुर जी को श्वेत वेशभूषा धारण कराई गई तथा विशेष भोग अर्पित किया गया। महाआरती के पश्चात श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया गया।

उत्सव के दौरान सदानंद भट्ट एवं मधुकर चतुर्वेदी द्वारा प्रस्तुत पुष्टिमार्गीय पदों और हवेली संगीत ने संपूर्ण वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। नौका विहार एवं गंगा दशहरा के भावों से ओत-प्रोत पदों का गायन सुन श्रद्धालु भक्ति में डूब गए और मंदिर परिसर जयघोषों से गूंज उठा।

मुख्य सेवाधारी हरिमोहन गोस्वामी ने बताया कि पुष्टिमार्ग में नौका विहार उत्सव प्रभु को ग्रीष्म ऋतु में शीतलता प्रदान करने के भाव से मनाया जाता है। सेवा अधिकारी सुनीत गोस्वामी ने बताया कि श्वेत पुष्पों के विशेष बंगले और नौका विहार की सज्जा ने उत्सव की शोभा को और बढ़ा दिया।

मंदिर प्रशासक दिनेश पचौरी ने बताया कि गंगा दशहरा और नौका विहार मनोरथ के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मनोरथ के चरण सेवक नरेश उपाध्याय रहे। इस अवसर पर संजीव चौबे, ख्यालीराम धाकड़, आयुष उपाध्याय, संजय शर्मा आदि श्रद्धालु उपस्थित रहे।

न्यूज़ डेस्क

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *