Home / लाइफस्टाइल / शिवमय होगा आगरा: पहली बार एक साथ निकलेंगी सात प्रमुख शिवालयों की दिव्य पालकियां

शिवमय होगा आगरा: पहली बार एक साथ निकलेंगी सात प्रमुख शिवालयों की दिव्य पालकियां

17 से 23 मई तक महाराजा अग्रसेन भवन, लोहा मंडी में मृदुल कांत शास्त्री श्रवण करवाएंगे पावन कथा

251 कलशों, द्वादश ज्योतिर्लिंग झांकियों और नासिक बैंड के साथ सजेगी भव्य शिव महापुराण कथा

आगरा: सोमवार 11 मई 2026

शिव भक्ति, आस्था और सनातन संस्कृति के अनुपम संगम का साक्षी बनने जा रहा है आगरा। शिव परिवार संस्था द्वारा आयोजित श्री शिव महापुराण कथा के अंतर्गत इस वर्ष पहली बार शहर के सात प्रमुख शिवालयों की दिव्य पालकियां एक साथ भव्य कलश यात्रा में शामिल होंगी।

251 महिलाओं द्वारा सिर पर कलश धारण कर निकाली जाने वाली यह यात्रा श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत करेगी। महादेव के जयकारों और धार्मिक उल्लास के बीच सोमवार को पुष्पांजलि सभागार, महाराजा अग्रसेन भवन, लोहा मंडी में कथा के आमंत्रण पत्र का विमोचन किया गया।

संस्था पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सामूहिक रूप से आमंत्रण पत्र का विमोचन कर शहरवासियों को कथा श्रवण के लिए आमंत्रित किया।

मुख्य यजमान छोटेलाल बंसल एवं कांता बंसल ने बताया कि महाराजा अग्रसेन भवन, लोहा मंडी में 17 मई से 22 मई तक प्रतिदिन सायं 5 बजे से श्री शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा में याज्ञिकरत्न पंडित विष्णुकांत शास्त्री होंगे एवं कथा व्यास मृदुल शास्त्री भक्तों को शिव महिमा का रसपान कराएंगे।

सदस्य अखिल मोहन मित्तल ने बताया कि 17 मई को प्रातः 8 बजे चिंताहरण मंदिर, जयपुर हाउस से भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो विभिन्न मार्गों से भ्रमण करती हुई कथा स्थल पर पहुंचेगी। कलश यात्रा का विशेष आकर्षण आगरा के प्रसिद्ध सप्त शिवालयों — श्री मनकामेश्वर नाथ महादेव, राजेश्वर नाथ महादेव, रावली महादेव, पृथ्वीनाथ महादेव, कैलाश महादेव, वानखंडी महादेव एवं बल्केश्वर नाथ महादेव की पालकी झांकियां होंगी।

उन्होंने बताया कि शहर में पहली बार इतने प्रमुख शिवालयों की पालकियां एक साथ यात्रा में सम्मिलित होंगी।इसके अतिरिक्त द्वादश ज्योतिर्लिंगों की झांकी, नासिक बैंड एवं भव्य बाजे-गाजे भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

251 महिलाएं सिर पर कलश धारण कर यात्रा में सहभागिता करेंगी। सभी श्रद्धालु दक्षिण भारतीय पारंपरिक परिधानों में शामिल होंगे।

संस्था सदस्य सलिल गोयल ने बताया कि 15 मई को “महादेव के नाम की मेहंदी” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं 18 मई को कथा स्थल पर प्रातः 10 बजे से 201 रुद्राभिषेक होंगे। 21 मई को सुबह 10 बजे से गोपाल सहस्त्रनाम पाठ एवं तुलसी अर्चन का आयोजन किया जाएगा।

सुनील गोयल ने बताया कि 23 मई, शनिवार को प्रातः 9 बजे से 11 बजे तक कथा विश्राम उपरांत हवन, ब्रह्मभोज एवं प्रसादी वितरण होगा।

आमंत्रण पत्र विमोचन अवसर पर आशीष अग्रवाल, दीपांशु अग्रवाल, अश्विनी बंसल, आकाश अग्रवाल, नीरज अग्रवाल, अनुरंजन सिंघल, वीरेंद्र सिंघल, निखिल गर्ग, महेश गोयल, जितेंद्र जैन, मुकेश गोयल, मनोज अग्रवाल, सरजू बंसल, छुट्टन जैन, प्रशांत मित्तल, जितेंद्र गोयल, गौरव मित्तल, अंजना अग्रवाल, सीमा गोयल, अमीषा अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।

न्यूज़ डेस्क

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *