आगरा: मंगलवार 28 अप्रैल 2026
आगरा के प्रतिष्ठित स्कूलों का वातावरण इन दिनों खराब होता नजर आ रहा है। लगता है ‘शिक्षा के मंदिर’ कहे जाने वाले ये संस्थान अब ‘अपराध के अखाड़े’ बन रहे हैं। मामला डीपीएस शास्त्रीपुरम का ठंडा भी नहीं हो पाया, तब तक एक मिशनरी स्कूल के कक्षा 8 के छात्र ने अपने सहपाठी को इंस्टाग्राम पर जान से मारने की धमकी दे डाली।
वरिष्ठ पत्रकार के पुत्र को जान से मारने की धमकी
अभी डीपीएस प्रकरण शांत भी नहीं हुआ था कि ताज प्रेस क्लब के सचिव और वरिष्ठ पत्रकार पीयूष शर्मा के पुत्र को उसी के सहपाठी द्वारा इंस्टाग्राम पर जान से मारने की धमकी दी गई है। धमकी देने वाला एक मिशनरी स्कूल की कक्षा 8 का छात्र है, उसने इंस्टाग्राम पर यहाँ तक लिखा है कि “वह पूर्व में भी दो से तीन हत्याएं करवा चुका है और अब अगला नंबर तुम्हारा है।”
इस खौफनाक धमकी के बाद से पीड़ित छात्र गहरे अवसाद (Depression) में चला गया है। परिवार बच्चे की मानसिक स्थिति को लेकर डरा हुआ है और चिंतित है।
इस गंभीर प्रकरण को लेकर पत्रकारों में रोष व्याप्त हो गया। ताज प्रेस क्लब अध्यक्ष मनोज मिश्रा ने तुरंत संज्ञान लेकर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को पूरे प्रकरण से अवगत कराया, और कार्यवाही का आग्रह किया। अध्यक्ष मनोज मिश्रा शाहगंज थाने पहुंचे, साथ में पीड़ित छात्र के पिता प्रेस क्लब सचिव पीयूष शर्मा के साथ अन्य पत्रकार भी मौजूद थे।
इंस्पेक्टर ने प्रकरण की गंभीरता को समझते हुए धमकी देने वाले छात्र के परिजनों को बुलाया, छात्र के माता पिता अपने पुत्र की करतूत पर हाथ जोड़ कर क्षमा मांगते रहे, अपने पुत्र को दंडित करने की गुहार लगाते रहे। उनकी लिखित में माफी मांगने के बाद पत्रकारों ने पुलिस से चेतावनी देकर कार्यवाही न करने को कहा। पत्रकारों की इस सहृदयता की पुलिस ने भी प्रशंसा की।
विशेष संवाददाता










